उझानी (बदायूं)। ननाखेड़ा में प्रधान पद के चुनाव को मतदान से दो दिन पहले मंगलवार को भड़काऊ पोस्टर चस्पा किए जाने का मामला सामने आया है। पोस्टर किसने चस्पा किया, यह तो पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट होगा लेकिन इसे लेकर पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस ने प्रत्याशियों और ग्रामीणों को इकट्ठा कर उन्हें निष्पक्ष चुनाव का पाठ पढ़ाया, साथ ही किसी तरह की अफवाह फैलाने वाले खुराफातियों पर कार्रवाई करने की चेतावनी भी दी।
आपराधिक मामलों में कार्रवाई के बाद प्रधान दीन मोहम्मद को अयोग्य घोषित कर दिया गया था। इसके बाद ही उपचुनाव की प्रक्रिया शुरू हुई। अयोग्य घोषित दीन मोहम्मद हालांकि इस वक्त जेल में है लेकिन उपचुनाव में उसकी पत्नी फरमिदा भी प्रत्याशी है। पुलिस के मुताबिक, मंगलवार को पड़ोसी गांव में बिजली के पोल पर किसी खुराफाती ने धमकाने वाले हाथ से बनाकर पोस्टर चस्पा कर दिए। भनक लगते ही कछला चौकी प्रभारी प्रमोद कुमार मौके पर पहुंचे और पोस्टर फड़वा दिए। पोस्टर किसने लगाए थे, इसका पता नहीं चला।
इसके बाद पुलिस ने ननाखेड़ा के चुनाव में शांति व्यवस्था को लेकर सक्रियता बढ़ा दी। शाम करीब चार बजे प्रभारी निरीक्षक हरपाल सिंह बालियान ने प्रधान पद के प्रत्याशियों के साथ ग्रामीणों की बैठक की। कहा कि जिसने भी चुनाव को लेकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश की उसे बख्शा नहीं जाएगा। बता दें कि मतदान चार अगस्त को होना है। वोटिंग ग्राम पंचायत सदस्यों के लिए भी होगी।
-
चुनाव तक ननाखेड़ा में पुलिस कर्मी तैनात
ब्लॉक क्षेत्र के ननाखेड़ा गांव में पिछली बार चुनाव हुआ तो भी मतदान केंद्र संवेदनशील रहा था। आसपास का इलाका कटरी से जुड़ा होने की वजह से गांव के हालात पर पुलिस की नजर यूं तो हर समय ही रहती है लेकिन उपचुनाव को लेकर पुलिस अब किसी तरह की चूक भी नहीं करना चाहती। गांव में पुलिस कर्मियों को तैनात कर दिया गया है। दोनों पुलिस कर्मियों के लिए खुराफातियों को चिह्नित करने की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।
चार को होगा प्रधान के तीन पदों पर मतदान, प्रशासन ने की तैयारी
तीन को होगी पोलिंग पार्टी रवाना, पांच को मतगणना
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। शासन के निर्देश पर जिले में खाली चल रहे प्रधान, क्षेत्र और ग्राम पंचायत सदस्यों का चुनाव कराने के निर्देश दिए गए थे। इसमें उम्मीदवारों ने अपने-अपने क्षेत्र से पर्चा दाखिल किया था, लेकिन अधिकतर जगहों पर एक-एक नामांकन होने पर उन्हें निर्विरोध निर्वाचित कर दिया गया। अब जिले में चार अगस्त को तीन प्रधान पद पर चुनाव होगा। इसको लेकर प्रशासन ने तैयारी कर ली है।
कलक्ट्रेट में डीएम दीपा रंजन ने ब्लॉक उझानी, आसफपुर व इस्लामनगर के संबंधित तहसीलदार, बीडीओ, सचिवों के साथ उपचुनाव को लेकर बैठक आयोजित की। डीएम ने निर्देश दिए कि संबंधित अधिकारी गांवों में भ्रमण कर लें। मतदान केंद्रों पर बिजली, पानी, छाया आदि की व्यवस्था न हो तो उसे पूरा कर लें। प्रत्येक बूथ पर महिलाओं की ड्यूटी लगाई जाए, उनके संबंधित कार्य के लिए इनको प्रशिक्षण भी दिलाया जाए। स्ट्रांग रूम में निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरा व मतगणना हॉल में बैरिकेडिंग करा दी जाए।
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी पंचायत प्रवेंद्र सिंह पटेल ने बताया कि चार अगस्त को बावेपुर, मितरौली, ननाखेड़ा में प्रधान पद के लिए नौ बूथों पर चुनाव होगा। सुबह सात से शाम पांच बजे तक मतदान होगा। चुनाव कराने के लिए तीन अगस्त को पोलिंग पार्टियां रवाना होंगी। इस मौके पर सीडीओ ऋषिराज, एडीएम एफआर संतोष कुमार वैश्य मौजूद रहे।