बदायूं/म्याऊं। हजरतपुर थाना क्षेत्र के गांव जालिम नगला में मंगलवार शाम 20 वर्षीय रामकुमार की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी गई। रामकुमार शाम के समय अपना खेत देखने गया था। वहीं आरोपी फावड़े से मेड़ काट रहे थे। इसका विरोध करने पर उन्होंने युवक पर हमला कर दिया। परिवार वाले युवक को जिला अस्पताल ले गए जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
घटना मंगलवार शाम करीब छह बजे की है। उस वक्त हजरतपुर थाना क्षेत्र के गांव जालिम नगला निवासी रामकुमार (20) पुत्र गुरुदयाल अपना खेत देखने के लिए पहुंचा था। परिवार वालों के मुताबिक उस दौरान खेत पर गुरुदयाल के चचेरे भाई और भतीजे फावड़े से खेत की मेड़ काट रहे थे। यह देखकर रामकुमार ने विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ गाली गलौज कर दी। लाठी-डंडे से उसको पीटना शुरू कर दिया। इसकी जानकारी पर परिवार वाले भी खेत पहुंच गए लेकिन तब तक आरोपी रामकुमार को मरणासन्न अवस्था में छोड़कर भाग गए। परिवार वाले तुरंत रामकुमार को म्याऊं स्वास्थ्य केंद्र ले गए जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
परिवार वाले युवक को लेकर रात करीब दस बजे अस्पताल पहुंचे। जहां डॉक्टर ने युवक को मृत घोषित कर दिया। फिलहाल उसके शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया है। थाना पुलिस गांव में पहुंच गई है। आरोपियों को तलाश किया जा रहा है।
-
हजरतपुर इलाके में खेत की मेड़ काटने को लेकर मारपीट हुई है। इसमें एक युवक की मौत हो गई है। इसमें पिता की ओर से आरोपियों पर एफआईआर दर्ज कराई जा रही है।
- कर्मवीर सिंह, सीओ दातागंज