बदायूं। शहर कोतवाली क्षेत्र में एक किशोरी का आपत्तिजनक वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। आरोपी किशोरी के घर के पास ही रहता था। किसी समय उसने उसका आपत्तिजनक वीडियो बना लिया। फिर उसे वायरल करने की धमकी देकर एक लाख रुपये ले लिए। किशोरी ने जब रुपये वापस मांगे तो उसने वीडियो वायरल कर दिया। अब पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
किशोरी की दादी के अनुसार बरेली का करगैना निवासी सचिन साहू यहां रहता था। उसके घर परिवार का आना जाना था। उसकी 17 वर्षीय नातिन भी उसके घर आया जाया करती थी। इसी दौरान आरोपी सचिन ने उसका आपत्तिजनक वीडियो बना लिया और फिर किशोरी को ब्लैकमेल करने लगा। कई दिन तक किशोरी उसकी बातों में नहीं आई। उसने किशोरी को कॉल की और अपने खाते में एक लाख रुपये जमा कराने को कहा। बोला अगर रुपये जमा नहीं किए तो वह उसकी वीडियो वायरल कर देगा। इससे किशोरी डर गई और उसने आरोपी के खाते में एक लाख रुपये डाल दिए। इसके बारे में परिवार वालों को जानकारी हुई तो उन्होंने किशोरी से कहलवाकर रुपये वापस मांगे। इससे आरोपी बौखला गया। उसने किशोरी का वीडियो वायरल कर दिया। इस पर परिवार वाले कोतवाली पहुंचे और तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज करा दिया।