बिसौली। कोतवाली क्षेत्र के दिसौलीगंज विद्युत उपकेंद्र पर धावा बोलकर आधा दर्जन बदमाशों ने कर्मचारियों को बंधक बना लिया। बदमाश यहां से ट्रांसफार्मर का लाखों का तेल, कॉपर का तार, इन्वर्टर और बैटरी ले गए। पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
रविवार को रात लगभग 12 बजे के बाद दिसौलीगंज उपकेंद्र में आधा दर्जन बदमाश दीवार फांदकर अंदर घुस गए। आते ही बदमाशों ने कंट्रोल रूम में बैठे प्रमोद और रंजीत को बाहर से बंद कर दिया। इसके बाद चोरों ने पांच एमवीए के ट्रांसफार्मर का टॉप खोलकर कई क्विंटल कॉपर का तार निकाल लिया। इसके बाद चोर चार बैटरी और इन्वर्टर खोलकर ले गए। सुबह गांव वालों ने पिकअप में सामान भरते कुछ लोगों को देखा लेकिन स्टाफ समझकर गंभीरता से नहीं लिया। फोन पर सूचना मिलने के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दोनों संविदा कर्मियों से जानकारी ली। पुलिस ने प्रमोद कुमार की तहरीर पर अज्ञात चोरों के खिलाफ धारा 457 और 380 के अंतर्गत रिपोर्ट दर्ज कर ली है। कोतवाल विजेंद्र सिंह ने बताया कि शीघ्र ही चोरों को पकड़ लिया जाएगा।
यहां बता दें कि तहसील क्षेत्र में इससे पहले मुड़िया धुरेकी उपकेंद्र पर भी ऐसी घटना हो चुकी है। बावजूद इसके बिजलीघरों पर सुरक्षा व्यवस्था न होना विभाग व पुलिस प्रशासन की बड़ी चूक माना जा रहा है।