उझानी (बदायूं)। पिछले साल सुदामादेवी की दुकान का बैनामा करा लेने के बाद भी खरीदार ने उन्हें पूरी रकम नहीं चुकाई। जो चेक दिया गया, वह भी लौटा लिया। रुपये मांगने पर उन्हें धमकाया गया। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर महिला समेत पांच लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
नझियाई मोहल्ला निवासी सुदामा देवी पत्नी स्व. देवकीनंदन कश्यप की कश्यप पुलिया के पास दुकानें हैं। सुदामा ने एक दुकान किलाखेड़ा मोहल्ले की मधु पत्नी कालीचरन के नाम बेची। बैनामा के दौरान चेक भी दर्ज कराया गया। आरोप है कि खरीदार ने चेक यह कहते हुए वापस ले लिया कि खाते में रकम पूरी होने के बाद नकद रुपये दे देंगे। आरोप है कि सुदामा ने दंपती ने चेक की रकम मांगी तो पांच जून दोपहर उसके घर में घुसकर पति पत्नी गंजशहीदा मोहल्ले के मुजीम उर्फ रहमान और उमेश शर्मा ने गाली गलौज की। उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई। सुदामा ने कार्रवाई के लिए कोर्ट की शरण भी ली। प्रभारी निरीक्षक हरपाल सिंह बालियान ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर दंपती समेत चारों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।