वजीरगंज (बदायूं)। मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर सोमवार सुबह एक तेज रफ्तार रोडवेज बस की चपेट में आने से कार खाई में जा गिरी। इसमें कार सवार विनय वार्ष्णेय और ड्राइवर सुनील घायल हो गए। ड्राइवर को चंदौसी रेफर कर दिया गया है।
चंदौसी निवासी विनय वार्ष्णेय (50) का वजीरगंज कस्बे में कोल्ड स्टोर है। वह सोमवार सुबह अपनी कार से कोल्ड स्टोर देखने वजीरगंज कस्बा आ रहे थे। कार उनका ड्राइवर सुनील चला रहा था। उस दौरान दोनों लोग सीट बेल्ट लगाए हुए थे। उनकी कार वजीरगंज कस्बे के नजदीक भोलानाथ मंदिर के सामने पहुंची थी, तभी सामने से तेज रफ्तार में आ रही मुरादाबाद डिपो की रोडवेज बस ने कार को चपेट में ले लिया। इससे कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई और खाई में जा गिरी।
बताते हैं कि दोनों कार सवारों के सीट बेल्ट लगाए होने से एयरबैग खुल गया। इससे गंभीर हादसा होने से बच गया। हादसे को देखकर लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। इससे पुलिस मौके पर पहुंच गई और दोनों लोगों को स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां से विनय वार्ष्णेय को छुट्टी दे दी गई लेकिन ड्राइवर को चंदौसी रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने बस को पकड़ लिया है जबकि चालक भाग गया।