बदायूं। भैंस लूट और चोरी की घटनाओं ने किसानों की नींद उड़ा रखी है, रोज ही कहीं न कहीं से भैंस लूटने या चोरी चले जाने के मामले सामने आ रहे हैं। कई जगह तो फायरिंग भी हो चुकी है। ऐसे में कार्रवाई के नाम पर पुलिस का रवैया ठंडा होने से किसानों का चैन छिना हुआ है।
पिछले तीन माह में जिले में भैंस लूटने या चोरी की करीब 50 घटनाएं हुईं हैं। इसमें बिल्सी, कुंवरगांव और सिविल लाइंस थाना क्षेत्र ज्यादा प्रभावित हैं जबकि अन्य थाना क्षेत्रों में दो-चार घटनाएं हुईं हैं। बदमाश वहीं घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं जहां वे आसानी से भैंस चोरी या लूटकर ले जा सकते हैं। इसके लिए वे पिकअप, मिनी ट्रक का प्रयोग ज्यादा कर रहे हैं। सूत्रों का कहना है कि बदमाश पहले रेकी करते हैं, फिर उसी के अनुसार तैयारी के साथ घटना को अंजाम देते हैं।
हाल में कुंवरगांव, सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में बदमाशों ने फायरिंग भी की है। बदमाशों के हौसले इसलिए भी ज्यादा बुलंद हैं, क्योंकि पुलिस भैंस चोरी के मामले नाममात्र के लिए दर्ज करती है। अगर केवल कुंवरगांव थाना क्षेत्र की घटनाओं का आकलन करें तो क्षेत्र में करीब पंद्रह घटनाएं हो चुकी हैं लेकिन एफआईआर एक मामले में दर्ज हुई है। वह भी तब जब ग्रामीणों ने भैंस चोरों को खुद ही पकड़ लिया।
-
पिछले पांच दिन में यहां हुईं घटनाएं
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के गांव भगवतीपुर भट्ठे से एक भैंस चोरी हुई। ग्राम सनाय से एक भैंस लूटी गई। भरकुईया गांव में भैंस लुटेरों ने दो ग्रामीणों को पीटा, चंदऊ गांव में एक भैंस चोरी हुई। कुंवरगांव थाना क्षेत्र के गांव मोंगर और मोंगर गौटिया से भैंस चोरी हुईं। इसके अलावा और कई गांव में भैंस चोरी हुईं।
-
भैंस चोरों को तलाश नहीं करती पुलिस
जिले की पुलिस रात को गश्त करने में फेल है ही, साथ ही चोरी गई भैंसों को तलाश भी नहीं करती। कुछ समय पहले बिनावर थाना पुलिस ने जरूर भैंस चोरों का एक गैंग पकड़ा था। इसके अलावा किसी थाना पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है।
-
लोडर वाहनों की चेकिंग भी नहीं
अधिकतर घटनाएं रात को ही हुई हैं। पुलिस वाहनों की चेकिंग नहीं करती इसलिए बदमाश आसानी से निकल जाते हैं। ऐसे में पुलिस के गश्त करने पर भी सवाल उठने लगे हैं।
-
कुंवरगांव क्षेत्र के हैं अधिकतर बदमाश
कुंवरगांव थाना क्षेत्र के कुछ गांव ऐसे हैं जहां के लोग भैंस चोरी करने में आगे हैं। अभी कुंवरगांव थाना क्षेत्र में पकड़ा गया एक चोर भी इसी थाना क्षेत्र का था। उसके साथ और भी बदमाश शामिल थे लेकिन हैरानी की बात यह है कि पुलिस ने उनके नाम पता करने की कोशिश ही नहीं की।
-
भैंस चोरी की घटनाएं ज्यादा सामने आ रहीं हैं। इसके लिए पुलिस की ओर से टीम लगा दी गई है। इस पर अभी काम चल रहा है। जल्द ही पुलिस कार्रवाई के नतीजे सामने आएंगे।
- डॉ. ओपी सिंह, एसएसपी