बिल्सी (बदायूं)। थाना क्षेत्र के एक कॉलेज में पढ़ने वाली छात्रा की मां ने डेढ़ माह बाद उससे दुष्कर्म होने की एफआईआर दर्ज कराई है। उसका कहना है कि दुष्कर्म के बाद वह शर्म लिहाज से रिपोर्ट दर्ज कराने थाने नहीं आई थी लेकिन अब आरोपी उसे धमकी दे रहा था। इससे उसने एफआईआर लिखाई है।
बृहस्पतिवार को थाने पहुंची महिला ने बताया कि उसका पति बाहर मजदूरी करता है। 13 मई की शाम उसकी 12 वर्षीय बेटी मक्का के खेत में घास छीलने गई थी, तभी गांव के संदीप ने उससे दुष्कर्म किया। जब काफी देर तक बेटी वापस नहीं आई, तो वह गांव वालों के साथ उसे तलाश करते हुए खेतों में पहुंची। वहां उसकी बेटी बेहोश पड़ी मिली थी। उस समय वह शर्म की वजह से थाने नहीं आई और न ही उसने पुलिस को सूचना दी। बृहस्पतिवार सुबह संदीप और उसके परिवार वालों ने ताना मारा कि हमारा क्या कर लिया, साथ ही धमकी भी दी। तब वह थाने पहुंची और संदीप के खिलाफ तहरीर देकर एफआईआर दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।