अलापुर (बदायूं)। मामूली बात को लेकर शुक्रवार रात बरातियों और घरातियों के बीच मारपीट हो गई। मामला इतना बिगड़ गया कि वर पक्ष के लोग शादी की रस्म पूरी किए बिना ही अपने गांव के लिए रवाना हो गए। मामले की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों से जानकारी ली। इसके बाद पुलिस दूल्हा और उसके पक्ष के लोगो को रास्ते से बुलाकर थाने लाई। तड़के करीब तीन बजे दोनों पक्षों के बीच रजामंदी हो सकी। इसके बाद शादी की रस्म पूरी कर बराती अपने गांव चले गए।
शुक्रवार को कादरचौक क्षेत्र से एक बरात अलापुर के गांव ढका में आई थी। बरातियों को नाश्ता देने के बाद बरात चढ़ने लगी। बताते हैं कि बरात जब दरवाजे पर पहुंची तो नेग की थाली लाने में थोड़ी देर हो गई। इसी बीच लड़का पक्ष के किसी रिश्तेदार ने इसको लेकर नाराजगी दिखाई तो लड़की पक्ष के किसी व्यक्ति ने बरातियों के बारे में टिप्पणी कर दी। इसके बाद बात बिगड़ गई और दोनों पक्षों के बीच पहले झगड़ा फिर मारपीट हो गई।
झगड़े के बाद बराती अपने गांव के लिए रवाना हो गए। इसी दौरान लड़की पक्ष की तरफ से पुलिस को फोन कर मामले की जानकारी दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली और बरातियों को रास्ते से बुलाकर थाने ले गई। दोनों पक्षों के लोगों से पुलिस देर रात तक निपटारे की बात करती रही। कुछ संभ्रांत लोगों के समझाने पर वर और कन्या के परिजन तड़के करीब तीन बजे मान गए। दोनो पक्षों द्वारा पुलिस को लिखित में समझौतानामा दिया गया। इसके बाद शादी की रस्म पूरी करने के बाद बरात अपने गांव लौट गई।