बदायूं। सहसवान कोतवाली पुलिस ने तीन अपराधियों पर गैंगस्टर के तहत कार्रवाई की है। तीनों अपराधी कोतवाली क्षेत्र के रहने वाले हैं। उनके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं। इस गैंग का सरगना बसौलिया गांव का यामीन है जबकि कामिल और गेंदनलाल उसके सहयोगी हैं।
इंस्पेक्टर संजीव कुमार शुक्ला के मुताबिक कोतवाली क्षेत्र के गांव बसौलिया निवासी यामीन पुत्र मतीन एक संगठित गैंग चलाता है और यह उस गैग का सरगना है। उसके गैंग में बसौलिया निवासी कामिल पुत्र कल्लू खां और कोल्हार निवासी गेंदनलाल पुत्र मोतीलाल शामिल हैं। सभी के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज हैं। थाना पुलिस ने इनके बारे में पूरी जानकारी जुटाई। इससे पता चला कि यह अपराधी लगातार घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। अपराध करके कमाई कर रहे हैं। तीनों अपराधियों ने घटनाओं को अंजाम देकर काफी संपत्ति जोड़ ली है। इनका इतना खौफ है कि इनके खिलाफ कोई व्यक्ति गवाही देने तक को तैयार नहीं है। यह क्षेत्र में अवैध असलहे बनाकर भी बेचते हैं। तीनों के खिलाफ दर्ज आपराधिक मामलों को देखते हुए तीनों पर गैंगस्टर के तहत एफआईआर दर्ज कराई गई है। बाद में तीनों आरोपियों की संपत्ति जब्त की जाएगी।