हादसे के बाद खंदी में पड़े दोनों वाहन देखते राहगीर।
- फोटो : BADAUN
उझानी (बदायूं)। बदायूं-मेरठ हाईवे पर जजपुरा मंदिर के पास ओवरटेक करते समय एक कार पीछे से टेंपो से टकरा गई। टक्कर लगते ही पहले टेंपो और फिर कार भी सड़क किनारे खाई में गिरकर पलट गई। टेंपो सवार लोगों में एक की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों वाहन सवार छह लोग घायल हैं। पुलिस ने घायलों को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है।
हादसा दोपहर बाद करीब चार बजे हुआ। बदायूं जाने को सहसवान से सवारियां लेकर एक टेंपो निकला। जजपुरा मंदिर के पास पीछे से तेज रफ्तार कार ने टेंपो में टक्कर मार दी। इसके बाद दोनों वाहन अनियंत्रित हो गए। चालक उन पर काबू पाते, उससे पहले ही दोनों वाहन सड़क किनारे खंदी में गिरकर पलट गए।
टेंपो में चालक मनोज पुत्र देशराज के अलावा दंपती समेत पांच लोग सवार थे। सवारियों में कोतवाली क्षेत्र के गांव पटपरागंज निवासी सोमवीर (48) पुत्र नेतराम की मौके पर ही मौत हो गई। सोमवीर का बेटा लक्ष्मन (12), मुजरिया थाना क्षेत्र के गांव कौल्हाई निवासी कमलेश उसके पति प्रेमपाल, चालक मनोज घायल हो गए।
इसके अलावा कार सवार सहसवान के गोपालगंज मोहल्ला निवासी विजय कोली पुत्र ताराचंद्र और उन्हीं के पड़ोसी तनवीर पुत्र रईस अहमद भी घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को राजकीय मेडिकल कॉलेज भेज दिया। घायलों में प्रेमपाल और मनोज समेत तीन लोगों की हालत गंभीर बताई गई है।
दरोगा शिवराज सिंह ने बताया कि अभी घायलों की ओर से एक-दूसरे वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने को कोतवाली में तहरीर नहीं दी गई है।