अलापुर। मंगलवार को इस्लामगंज गांव में जमीन के विवाद में दो पूर्व प्रधानों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले। घटना में दोनों पक्षों के करीब छह लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों का मेडिकल कराया है। खबर लिखे जाने तक मुकदमा दर्ज नही हो सका था।
इस्लामगंज गांव में मंगलवार को जमीन की रंजिश को लेकर दो पूर्व प्रधानों के बीच विवाद हुआ। इसके बाद दोनों पक्षों के लोग लामबंद हो गए और उनमें लाठी डंडे चलने लगे। इसमें एक पक्ष के पूर्व प्रधान राकेश रमन (60), श्याम जी गुप्ता (28), सोनू (32) और शरद (25) गंभीर रूप से घायल हुए, वहीं दूसरे पक्ष के पूर्व प्रधान राजेंद्र सिंह (52), राधेश्याम (48), सुनील (40) और गौरव को काफी चोटें आईं। पुलिस ने दोनों पक्षों के घायलों का मेडिकल कराया है। इंस्पेक्टर एस के सिंह ने बताया कि अभी किसी पक्ष की तहरीर नहीं मिली है। दोनों पक्षों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।