ककराला (बदायूं)। अलापुर क्षेत्र के कस्बा ककराला निवासी 25 वर्षीय शाहरुख खान का शव शनिवार रात इकरी रोड किनारे एक पेड़ पर फंदे से लटका मिला।
स्थानीय लोगों के मुताबिक रात करीब साढ़े आठ बजे कुछ लोग इकरी रोड से गुजर रहे थे। तभी उन्होंने सड़क किनारे परचून का सामान लदी शाहरुख खान की घोड़ा बुग्गी खड़ी देखी। नजदीक में देखा तो वहां एक पेड़ पर रस्सी के फंदे से शाहरुख खान का शव लटका हुआ था। सूचना पर उसके परिवार वाले पहुंच गए। उन्होंने बताया कि युवक अपनी घोड़ा बुग्गी से कस्बे के दुकानदारों का सामान लाता था। शाम के समय भी वह शहर से सामान ला रहा था। इसी दौरान उसकी किसी ने हत्या कर दी और शव को फंदे से लटका दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक का शव फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। संवाद