उझानी (बदायूं)। पुलिस ने अयोध्यागंज मोहल्ले में नाले के पास गलियारे में पशु काटने की सूचना पर दबिश दी। यहां एक क्विंटल मांस बरामद हुआ जबकि धंधेबाज फरार हो गए। पुलिस ने तीन नामजद समेत चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
पुलिस के मुताबिक अयोध्यागंज में दो-तीन स्थानों पर पशु मांस के धंधे की शिकायत मिली थी। प्रभारी निरीक्षक हरपाल सिंह बालियान ने टीम बनाकर रविवार तड़के घेराबंदी की। मांस की दो दुकानों को घेरा तो परवेज और बबलू भाग गए। पास के घर से आशु भी खिसक गया। एक और युवक भी धंधे में शामिल बताया गया है। पुलिस ने आरोपियों के दो घरों से एक क्विंटल मांस बरामद किया। बरामद मांस प्रतिबंधित प्रजाति के पशु का होने के शक में पशु चिकित्सक को बुलाकर सैंपल भी भरवा दिया।
मोहल्ले में मांस के धंधे पहले भी पुलिस रिकार्ड में आ चुके हैं। एक बार गलियारे में ही पशु काट दिया गया था। पुलिस ने बताया कि परवेज, बबलू, आशु समेत एक अज्ञात युवक के खिलाफ रिपोर्ट की गई है। बरामद मांस जंगल में गड्ढा खोदवाकर नष्ट करा दिया है।