बदायूं। बरेली-बदायूं हाईवे पर मलगांव रेलवे क्रॉसिंग के नजदीक दिनदहाड़े कपड़ा व्यापारी से हुई लूट में पुलिस ने एक बदमाश को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि दो बदमाश अब भी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। बदमाश से करीब दो लाख रुपये और एक तमंचा बरामद हुआ है।
रविवार अपराह्न करीब तीन बजे पुलिस लाइन सभागार में एसएसपी डॉ. ओपी सिंह ने कपड़ा व्यापारी से हुई लूट का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि 14 अप्रैल की शाम बरेली के सिंधु नगर निवासी कपड़ा व्यापारी हिमांशु पहलजानी बदायूं से पेमेंट लेकर लौट रहे थे। कार उनका ड्राइवर आशीष चला रहा था। रास्ते में मलगांव रेलवे क्रॉसिंग के नजदीक बाइक सवार तीन बदमाशों ने कार रुकवाकर शीशा तोड़ दिया। उन्हें तमंचा दिखाकर साढ़े सात लाख रुपये लूट लिए। इस घटना को अंजाम देने के बाद बदायूं की ओर बदमाश भाग गए। बाद में व्यापारी ने थाने आकर वारदात की जानकारी दी। तब से थाना पुलिस और एसओजी बदमाशों की तलाश में लगी थी।
शनिवार रात इस लूट में शामिल एक बदमाश पुठी सराय मोड़ से पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपना नाम बिनावर थाना क्षेत्र के गांव बहोरपुरा निवासी धीरज उर्फ धीरू पुत्र इंद्रपाल सिंह बताया। धीरज बहुत शातिर है। उसके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं। उससे लूटे गए सात लाख 54 हजार में से एक लाख 94 हजार रुपये बरामद हुए हैं। एक तमंचा भी मिला है। बताया कि उसने बरेली के कैंट थाना क्षेत्र के गांव मिर्जापुर निवासी राजा ठाकुर व एक अन्य बदमाश के साथ इस घटना को अंजाम दिया था।
उसे पता था कि हिमांशु हर बृहस्पतिवार को बदायूं पेमेंट उठाने जाते हैं। इससे उनसे लूटपाट की गई। राजा ठाकुर भी बड़ा अपराधी है। खुलासे के बाद पुलिस ने धीरज को जेल भेज दिया। इस खुलासे के दौरान एसपी सिटी प्रवीन सिंह चौहान, सीओ सिटी आलोक मिश्रा, एसओ बिनावर रविकरन सिंह, एसओजी प्रभारी धर्वेंद्र कुमार, एसआई संजय गौड़, एसआई संजय सिंह, सिपाही प्रमोद कुमार, अनिल कुमार, सचिन झा, शराफत, लोकेंद्र, सचिन, भूपेंद्र, आजाद, अतेंद्र आदि मौजूद थे।
-
पहले बताए साढ़े आठ, एफआईआर में लिखाए साढ़े सात लाख
लूट के दौरान कपड़ा व्यापारी ने अपने साढ़े आठ लाख रुपये की लूट की जानकारी दी थी लेकिन उन्होंने जब एफआईआर दर्ज कराई तब उसमें साढ़े सात लाख रुपये लिखाए। हिमांशु के मुताबिक उस समय वह घबराए हुए थे। परेशान थे। इससे उन्होंने साढ़े आठ लाख रुपये बता दिए।
-
बरेली के राजा ठाकुर ने की थी रेकी
कपड़ा व्यापारी को लूटने का पूरा प्लान बरेली के बदमाश राजा ठाकुर ने बनाया था। पुलिस के मुताबिक उसने कपड़ा व्यापारी की रेकी की थी। पूरी जानकारी लेने के बाद ही इस घटना को अंजाम दिया गया।
-
14 अप्रैल को मलगांव रेलवे क्रॉसिंग के पास कपड़ा व्यापारी से साढ़े सात लाख रुपये लूटे गए थे। इस मामले में एक बदमाश पकड़ा गया है। उसके पास से एक लाख 94 हजार रुपये बरामद हुए हैं। इसमें शामिल दो बदमाशों का पता लगाया जा रहा है।
- डॉ. ओपी सिंह, एसएसपी