सहसवान (बदायूं)। आठ दिन पहले मुड़ारी सिधारपुर रोड किनारे जिस तालाब पर करंट लगने से मजदूर की मौत हुई थी, वहां चोरी से बिजली इस्तेमाल की जा रही थी। जब मजदूर की मौत हुई तो विद्युत विभाग ने इसकी छानबीन की। मामला बिजली चोरी का निकला। इस पर अवर अभियंता भोलानाथ ने तालाब मालिक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
24 मार्च को सहसवान कस्बे में मुड़ारी सिधारपुर रोड किनारे तालाब पर शहबाजपुर मोहल्ले के मजदूर पीतांबर मल्लाह की करंट लगने से मौत हो गई थी। यह तालाब खिड़की मोहल्ला निवासी सब्बू का है। सब्बू यहां पट्टे पर तालाब लेकर मछली पालन करा रहा है। तालाब की रखवाली के लिए पीतांबर को रखा था। 24 मार्च की रात पीतांबर तालाब पर सो रहे थे। रात में कूलर से करंट लगने के कारण उसकी मौत हो गई थी। दूसरे दिन पुलिस ने मजदूर के शव का पोस्टमार्टम करा दिया था।
इधर, जब इसके बारे में विद्युत विभाग के अवर अभियंता भोलानाथ को जानकारी हुई तो उन्होंने मामले की जांच शुरू करा दी। उन्होंने क्षेत्रीय लाइनमैन सिद्दीक से जानकारी जुटाई। जांच के दौरान पता चला कि सब्बू के तालाब पर चोरी की बिजली चलाई जा रही थी लेकिन कभी बिजली चोरी नहीं पकड़ी गई। जब मजदूर की मौत हुई, तब इसका खुलासा हुआ। अब अवर अभियंता भोलानाथ ने तालाब मालिक सब्बू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। संवाद