दबतोरी (बदायूं)। बिसौली कोतवाली क्षेत्र में एक दुल्हन शादी के दूसरे दिन हजारों के जेवर, कपड़े लेकर भाग गई। भुक्तभोगी ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
बिसौली कस्बे के कच्ची सराय मोहल्ला निवासी ओमप्रकाश के मुताबिक 25 मार्च को उन्हें दो लोग मिले थे। उन्होंने कहा कि वह उसकी शादी कराएंगे। दूसरे दिन वह उसे मुरादाबाद ले गए। वहां उसे लड़की दिखाई गई। उसकी रजामंदी पर बिचौलियों ने शादी कराने को डेढ़ लाख रुपये लिए। सोमवार को वह मुरादाबाद पहुंचा। जहां दोनों लोगों ने दो वकील बुलाकर शादी करा दी। शाम को वह दुल्हन को लेकर लौट आया।
ओमप्रकाश का कहना है कि मंगलवार को वह पत्नी को बाजार ले गए। 17 हजार के सोने के कुंडल और साढ़े छह हजार के कपड़े खरीदे। इस दौरान उनके साथ किरायेदार की बेटी प्रीति भी थी। पत्नी ब्यूटी पार्लर में चली गई। उसने कहा कि आप घर जाओ वह प्रीति के साथ स्कूटी से आ जाएगी। उसके जाते ही प्रीति को साथ लेकर स्कूटी चंदौसी की ओर दौड़ा ले गई। प्रीति ने विरोध किया तो उसने उसे धक्का देकर गिरा दिया। स्कूटी छोड़कर एक ट्रक में सवार होकर भाग गई। ओमप्रकाश ने पुलिस को तहरीर दी है। सीओ बिसौली शक्ति सिंह ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। संवाद