उझानी (बदायूं)। सहकारी क्रय-विक्रय समिति लिमिटेड की फर्जी रसीद बनाकर उसे कोर्ट में पेश करने के आरोप में पुलिस ने मंगलवार दोपहर एक व्यक्ति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। समिति परिसर से जुड़े किराये के विवाद में रसीद की जांच सहकारिता विभाग के सहायक आयुक्त ने की थी। इसके बाद समिति के सचिव रावेंद्र कुमार ने पुलिस की शरण ली।
नगर में पंखा रोड पर सहकारी क्रय-विक्रय समिति का कार्यालय और दूसरे परिसर में गोदाम है। गोदाम परिसर में कुछेक साल पहले तक एक निजी शिक्षण संस्थान संचालित रहा। समिति के अफसरों के निर्देश पर पूरा कैंपस खाली कराया जा चुका है। आरोप है कि मामला कोर्ट में पहुंचा तो संस्थान के आचार्य राधाकृष्ण यादव ने किराया जमा करने को लेकर रसीद कोर्ट में पेश कर दी। आरोप है कि फर्जी रसीद तैयार की गईं।
मामला विभागीय अफसरों के संज्ञान में पहुंचा तो सहकारिता विभाग के सहायक आयुक्त ने रसीद की जांच की। जिसमें वह फर्जी पाई गईं। पिछले साल 27 मार्च को सहायक आयुक्त ने आरोपी के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराने के आदेश कर दिए लेकिन मामला लटका रहा। समिति के सचिव रावेंद्र ने बताया कि मंगलवार दोपहर आरोपी राधाकृष्ण यादव के खिलाफ धोखाधड़ी अंतत: रिपोर्ट दर्ज करा दी गई। इधर, प्रभारी निरीक्षक हरपाल सिंह बालियान ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज किए जाने के बाद विवचेना भी इलाके के दरोगा हरपाल सिंह को सौंप दी गई है। संवाद