आसफपुर (बदायूं)। फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के गांव नहडोली में बृहस्पतिवार तड़के सिंचाई कर रहे 42 वर्षीय किसान राकेश पर हाईटेंशन लाइन टूट कर गिर गई, जिससे करंट लगने से उसकी मौत हो गई। ग्रामीणों ने सूचना देकर बमुश्किल सप्लाई बंद कराई। पुलिस ने तहरीर पर जेई और एसडीई के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। दोपहर के समय किसान के शव का पोस्टमार्टम करा दिया गया।
थाना क्षेत्र के गांव नहडौली निवासी राकेश खेतीबाड़ी करके अपना परिवार चला रहे थे। वह बुधवार रात मेंथा फसल की सिंचाई करने खेत पर गए थे। बृहस्पतिवार तड़के सिंचाई करने के दौरान अचानक उनके ऊपर हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिर गया। इससे वह करंट लगने जमीन पर गिरकर तड़पने लगे। लाइन टूटने के बाद स्पार्किंग की आवाज सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे किसान दौड़ पड़े। उन्होंने राकेश को बचाने की कोशिश की लेकिन वह नहीं बचा सके। उन्होंने जैसे-तैसे विद्युत उपकेंद्र कॉल की और सप्लाई बंद कराई। तब राकेश के शव को तार से अलग किया गया। सूचना पर उनके परिवार वाले रोते बिलखते पहुंच गए। उनकी सूचना पर थाना पुलिस भी आ गई। पुलिस ने मामले की छानबीन करते हुए दोपहर के समय राकेश के शव का पोस्टमार्टम करा दिया। परिवार वालों के मुताबिक राकेश की मौत विद्युत विभाग की लापरवाही से हुई है। उन्होंने तहरीर देकर विद्युत उपकेन्द्र के जेई और एसडीई के खिलाफ रिपोर्ट कराई है।
-
एक दिन पहले टूटकर गिरी थी लाइन
ग्रामीणों के मुताबिक बृहस्पतिवार सुबह जो लाइन टूटकर गिरी। वह बुुधवार को भी गिरी थी। बाद में संविदा लाइनमैन ने लाइन को जोड़ा। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद विभाग नहीं चेता। परिणाम ये रहा कि बृहस्पतिवार तड़के हादसा हो गया।