उझानी/कछला। आगरा के टूंडला जाने के लिए रोडवेज बस का इंतजार कर रहे एक युवक को दो युवकों ने कार में बैठाकर पहुंचाने का झांसा देकर 14500 रुपये ठग लिए।
बिल्सी कस्बे के मोहल्ला संख्या दो निवासी वाहिद हुसैन को सोमवार सुबह आगरा जिले के टूंडला जाना था। वह प्राइवेट वाहन से कछला पहुंचा और रोडवेज बस के इंतजार में चौराहे पर खड़ा हो गया। उसी दौरान दो युवक उसके पास पहुंचे। दोनों ने उससे बातचीत की फिर टूंडला के बारे में जानकारी पता लगते ही बोले- हमें भी वहां जाना है। सरकारी गाड़ी है, अगर पास में रुपये हों तो लिफाफे में रख दीजिए। टूंडला पहुंचते ही लौटा देंगे। इसके बाद वाहिद ने उनके पास मौजूद 14500 रुपये लिफाफे में रखकर उन्हें थमा दिए।
चौराहे पर गाड़ी आती, उससे पहले ही दोनों युवक वाहिद को झांसा देकर खिसक गए। काफी देर बाद भी जब वह चौराहे पर नहीं लौटे तो उसे ठगी का अहसास हुआ। वाहिद ने आसपास के दुकानदारों को हकीकत से अवगत कराया। बाद में वह कछला चौकी पर पहुंचा। वाहिद ने दोनों युवकों का हुलिया बताते हुए चौकी इंचार्ज को तहरीर भी सौंप दी। पुलिस कर्मियों ने चौराहे पर जाकर खोजबीन की लेकिन ठगों का सुराग नहीं लग पाया। संवाद