मुजरिया (बदायूं)। थाना क्षेत्र के एक गांव में चार वर्षीय बालिका से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। बालिका की मां का आरोप है कि उनका 13 वर्षीय पड़ोसी बेटी को बहला फुसला कर अपने घर ले गया और वारदात को अंजाम दिया। जब बालिका उसके घर से रोती हुई निकली, तब उन्हें जानकारी हुई। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। बालिका को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है।
मामला रविवार दोपहर का है। थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला का आरोप है कि दोपहर में उनकी चार वर्षीय बालिका घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान उनका 13 वर्षीय पड़ोसी उनकी बच्ची को बहला फुसलाकर अपने घर ले गया। कुछ देर बाद बालिका आरोपी के घर से रोती हुई निकली। शुरुआत में उन्हें लगा कि किसी ने उनकी बेटी को पीटा है इससे वह रो रही है। बाद में जब उन्होंने बालिका की हालत देखी तो वह दंग रह गईं। बालिका के साथ दुष्कर्म हुआ था। शाम के समय महिला अपने पति के साथ बालिका को लेकर मुजरिया थाने पहुंची और उन्होंने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज करा दिया। सहसवान सीओ चंद्रपाल सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। बालिका को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है। संवाद