उझानी में दहेमू पुलिया के पास खाई में पड़ा ट्रक। संवाद
- फोटो : BADAUN
उझानी/कछला। मुजरिया रोड पर नीलगाय को बचाने की कोशिश में बजरी लदे ट्रक का चालक संतुलन खो बैठा। ट्रक सड़क किनारे खाई में गिरकर पलट गया। हादसे में चालक घायल है। परिवार के लोगों ने उसे कासगंज के अस्पताल में भर्ती कराया है।
हादसा रविवार सुबह दहेमू पुलिया के पास हुआ। उत्तराखंड से बजरी लोड कर ट्रक कासगंज के लिए निकला। ट्रक कासगंज निवासी रचित पुत्र सुरेश चला रहा था। पुलिया के पास अचानक ही सामने से नीलगाय आ गई। उसे बचाने की कोशिश में बेकाबू होने के बाद ट्रक का पहिया सड़क से नीचे उतर गया। चालक रचित काबू पाता, उससे पहले ही ट्रक सड़क किनारे खाई में गिरकर पलट गया। यह देख आसपास के लोग भी इकट्ठे हो गए। राहगीरों ने चालक रचित और हेल्पर को खिड़की का शीशा तोड़कर बाहर निकाल लिया। रचित लहूलुहान हो चुका था। उसका प्राथमिक उपचार भी कराया गया। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे परिजन रचित को लेकर कासगंज चले गए। उसे कासगंज के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हेल्पर के खरोंच तक नहीं आई है। सूचना के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। संवाद