सिलहरी (बदायूं)। थाना कुंवरगांव क्षेत्र के गांव बाबट के मजरा हरिनगला में चारा काटते समय इंजन के पहिए में फंसकर नौ साल की बच्ची रीता की मौत हो गई। वह कक्षा चार की छात्रा और दो भाइयों की इकलौती बहन थी।
घटना मंगलवार दोपहर बाद करीब तीन बजे हुई। हरिनगला निवासी भूरे यादव खेत पर काम करने गए थे। घर में उनका बड़ा बेटा अंकित मशीन में चारा लगा रहा था। अंकित की मां घर में काम कर रहीं थीं। भूरे की इकलौती बेटी रीता भाई की मदद करते हुए इंजन की रेस का एक्सीलेटर पकड़े हुए थी। धोखे से किसी तरह रीता के कपड़े इंजन में फंस गए और वह पहिए में लिपट गई। रीता की चीखपुकार सुनकर अंकित ने किसी तरह इंजन को बंद किया। तब तक रीता लहुलुहान हो चुकी थी। चीख-पुकार सुनकर मौके पर काफी संख्या में भीड़ इकट्ठी हो गई। परिवारवाले एंबुलेंस से रीता को जिला अस्पताल लेकर गए जहां उसकी मौत हो गई। परिवार ने बताया कि रीता कक्षा चार की छात्रा थी और दो भाइयों के के बीच इकलौती बहन थी। उसके परिवारवालों का रो रोकर बुरा हाल है। संवाद