बदायूं। हुसैनपुर गांव में गोवंशीय पशु की हत्या करने वालों पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। इस मामले में नामजद आरोपियों पर गैंगस्टर लगाई जाएगी और उनकी संपत्ति कुर्क भी की जाएगी। एसएसपी ने उनके खिलाफ कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
शुक्रवार रात कुंवरगांव थाना क्षेत्र के गांव हुसैनपुर में एक शादी में दावत के लिए गोवंशीय पशु की हत्या कर दी गई। पुलिस को इसकी तुरंत सूचना मिल गई थी। इससे पुलिस ने हुसैनपुर गांव में दबिश देकर दूल्हे के बहनोई को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से 120 किलो मांस और मांस काटने के उपकरण भी बरामद किए। पुलिस ने इस मामले में दूल्हे के पिता मल्लन, चाचा सल्लन, भाई हसनैन रिश्तेदार बबलू और इरफान समेत बहनोई शेर मोहम्मद के खिलाफ एफआईआर दर्ज की। पुलिस ने शेर मोहम्मद को जेल भेज दिया।
एसएसपी डॉ. ओपी सिंह ने इस मामले में नामजद सभी आरोपियों पर गैंगस्टर लगाने और उनकी संपत्ति कुर्क करने के आदेश दिए हैं। एसएसपी ने कहा कि गोवंशीय पशु की हत्या करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। संवाद