उझानी (बदायूं)। आगरा निवासी 81 वर्षीय रामसिंह ने बुधवार सुबह कछला पुल से गंगा में छलांग लगा दी। सूचना मिलने पर पहुंचे पीएसी के गोताखोरों ने रामसिंह को तलाशने के बाद गंगा से बाहर निकाल लिया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। बुजुर्ग की जेब में मिले आधार कार्ड और डायरी में लिखे फोन नंबर पर कॉल करके परिजन को बताया।
बुधवार सुबह करीब नौ बजे उझानी इलाके के कछला घाट पर मौजूद लोगों ने एक बुजुर्ग को कछला पुल पर घूमते देखा। बताते हैं कि वह काफी देर तक पुल की रेलिंग के पास बैठे रहे। फिर अचानक पुल की रेलिंग पर चढ़कर गंगा में छलांग लगा दी। पुल के पास ही चाट-पकौड़ी के ठेले लगाने वाले मौजूद थे। उन्होंने बुजुर्ग को गंगा में कूदते देखकर शोर मचा दिया। इसका पता लगने पर कछला घाट पर मौजूद पीएसी के गोताखोर मोटर वोट लेकर मौके पर जा पहुंचे। पीएसी के गोताखोरों ने करीब आधा घंटे मशक्कत के बाद बुजुर्ग को खोज निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
इसकी सूचना मिलने पर कछला चौकी इंचार्ज रजनीश कुमार मौके पर पहुंच गए। तलाशी लेने पर बुजुर्ग की जेब में आधार कार्ड और एक डायरी मिली। डायरी में ओमप्रकाश नाम से मोबाइल नंबर देख चौकी इंचार्ज ने उस पर कॉल की तो ओमप्रकाश ने बुजुर्ग का नाम और पता बता दिया। चौकी इंचार्ज के मुताबिक रामसिंह आगरा के सइंया थाना क्षेत्र के गांव आम का पुरा जाजऊ का निवासी हैं। ओमप्रकाश के मुताबिक रामसिंह मंगलवार सुबह घर से नाराज होकर निकले थे। मंगलवार रात किसी रिश्तेदार के घर रुके थे।