आसफपुर (बदायूं)। लाइनमैन की लापरवाही से ग्राम कलरावाला के ग्रामीणों की जान पर बन आई। घरेलू लाइन में एचटी का करंट दौड़ने से दंपती गंभीर रूप से झुलस गए। साथ ही सैकड़ों घरों के बिजली उपकरण फुंक गए। घटना को लेकर ग्रामीणों में पावर कॉरपोरेशन अफसरों के प्रति गुस्सा है। हालांकि, अधिकारी इस तरह की घटना से इंकार कर रहे हैं।
आसफपुर विद्युत सब स्टेशन से जुड़े गांव कलरावाला में पिछले एक सप्ताह से ट्रांसफार्मर फुंका पड़ा था। ग्रामीणों की शिकायत पर बृहस्पतिवार को वहां दूसरा ट्रांसफार्मर लगाने को भेजा गया। दो लाइनमैन ट्रांसफार्मर लगाने पहुंचे थे। गांव के बाहर डबल पोल पर ट्रांसफार्मर लगा दिया गया। गांव वालों का कहना है कि ट्रांसफार्मर लगाने आए कर्मचारियों ने बतौर सुविधा शुल्क दो हजार रुपये मांगे थे। रुपये न देने पर वे कनेक्शन करके चले गए। शाम करीब सात बजे उपकेंद्र से बिजली सप्लाई चालू की गई। ग्रामीणों के मुताबिक गलत कनेक्शन होने से घरेलू लाइन में हाईटेंशन करंट दौड़ गया। इससे ट्रांसफार्मर भी फुंक गया।
हाईटेंशन लाइन में करंट से गांव के अवनेश और उनकी पत्नी सुमन झुलस गए। इसके अलावा तेजपाल, नरवीर, शिवकुमार, सुभाष, सलीम, सतीश, रामभरोसे, अली मोहम्मद, नसरुल, शमशाद,मक़सूद, हारुन आदि के उपकरण फुंक गए। झुलसे अवनेश और उनकी पत्नी को चंदौसी के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सुमन की हालत गंभीर बताई जा रही है। इधर, ट्रांसफार्मर फुंकने से गांव में बिजली सप्लाई फिर ठप हो गई है। सूचना दिए जाने के बाद भी कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। इस संबंध में बात करने पर अवर अभियंता प्रमोद राणा ने इस तरह की किसी जानकारी से इंकार कर दिया।
पांच पोल से लाइन चोरी, दस गांवों में छाया अंधेरा
मूसाझाग। चोरों ने बीती रात थाना क्षेत्र के गांव करोलिया में पांच खंभों से हाईटेंशन लाइन चोरी कर ली। लाइन चोरी होने के कारण तालगांव, बुधवाई, मल्हापुर, बूंचानगला, उनौला, फतेहपुर आदि गांवों में बिजली सप्लाई ठप हो गई है। एसएसओ आदिल के अनुसार दो खंभों की पूरी लाइन चोर ले जाने में कामयाब हो गए। लाइन चोरी होने की सूचना पर पावर कॉरपोरेशन की टीम मौके पर पहुंची थी। यूपी 112 भी यहां आ गई। चोरों को तलाश किया लेकिन कुछ सुराग नहीं लगा। रिपोर्ट दर्ज कराने को तहरीर दी गई है।
पेंपल में जर्जर लाइन टूटकर गिरी, गाय मरी
बगरैन। क्षेत्र के गांव पेंपल में जर्जर बिजली लाइन टूट कर गिरने से बड़ा हादसा होते होते टल गया। काफी देर बाद आई बिजली कर्मियों की टीम ने लाइन जोड़ी। इस दौरान ग्रामीणों में विभाग के प्रति गुस्सा देखा गया।
वाकया गुरुवार सुबह का था। पेंपल में एक मकान का निर्माण होने से भवन मालिक के साथ ही कई लोग पेड़ के नीचे बैठे थे। कुछ बच्च् वहां खेल रहे थे। इसी दौरान बरसात कारण इसकी चपेट में आकर गांव के अजयपाल सिंह की एक गाय की मौत हो गई। इस कारण आस-पास के गांवों में बिजली सप्लाई भी ठप हो गई है। गांव के लोगों का कहना है कि जर्जर लाइनों के बारे में कई बार अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। जर्जर लाइनों से कभी भी जनहानि हो सकती है। गांव वालों के गुस्से की वजह से काफी देर तक बिजली कर्मी नहीं आए। बाद में आकर लाइन जोड़ दी गई।