बदायूं। सपा जिलाध्यक्ष प्रेमपाल सिंह पर एक लाख रुपये की रिश्वत लेने का आरोप लगाने वाले सपा कार्यकर्ता सरवेंद्र यादव के खिलाफ समाजवादी युवजन सभा जिलाध्यक्ष संजीव यादव ने एफआईआर दर्ज कराई है। आरोप है कि सरवेंद्र ने सपा जिलाध्यक्ष के खिलाफ फेसबुक पर आपत्तिजनक पोस्ट की, विरोध करने पर गालियां देने के साथ मारपीट कर दी। सपा जिलाध्यक्ष को भी जान से मारने की धमकी दी।
जिला पंचायत की वार्ड नंबर 45 से सरवेंद्र यादव ने जिला पंचायत सदस्य पद का चुनाव लड़ा था। सरवेंद्र का आरोप है कि उसे सपा समर्थित प्रत्याशी घोषित करने के लिए जिलाध्यक्ष प्रेमपाल सिंह यादव ने एक लाख रुपये बतौर रिश्वत ली थी। इसके बाद भी उसके स्थान पर अपनी बेटी धनेश्वरी यादव को सपा प्रत्याशी घोषित कर दिया। इससे वह चुनाव हार गया। सपा प्रत्याशी भी चुनाव नहीं जीत सकीं। सरवेंद्र ने पार्टी सुप्रीमो अखिलेश यादव से शिकायत की थी। उसने फेसबुक पर भी सपा जिलाध्यक्ष के खिलाफ पोस्ट की थी। रविवार को समाजवादी युवजन सभा जिलाध्यक्ष संजीव यादव ने सरवेंद्र पर आरोप लगाते हुए सिविल लाइंस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
आरोप है कि सरवेंद्र यादव ने फेसबुक पर सपा जिलाध्यक्ष के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट की थी। शनिवार शाम सरवेंद्र अपने दो साथियों के साथ मिला तो उससे पोस्ट के संबंध में पूछ लिया। इस पर सरवेंद्र ने कहा कि उसने चुनाव में काफी रुपया खर्च किया लेकिन सपा जिलाध्यक्ष की बेटी के कारण वह चुनाव हार गया। ऐसे में जब तक सपा जिलाध्यक्ष चुनाव में खर्च रुपये उसे वापस नहीं करते वह उनको इसी तरह बदनाम करता रहेगा। विरोध करने पर सरवेंद्र और उसके साथियों ने मारपीट कर घायल कर दिया। सरवेंद्र ने सपा जिलाध्यक्ष को जान से मारने की धमकी भी दी। संजीव यादव की तहरीर पर सिविल लाइंस पुलिस ने सरवेंद्र के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
सपा में होती दिख रही खेमाबंदी
प्रेमपाल सिंह के जिलाध्यक्ष बनने के बाद जिले में यह पहला चुनाव था। पंचायत चुनाव में सपा का प्रदर्शन काफी हद तक ठीक-ठाक रहा है। सपा ने जिला पंचायत सदस्य पद की 12 सीटों पर कब्जा किया है। अगर पार्टी में भितरघात न होता और बागी मैदान में न होते तो कहीं ज्यादा सीटों पर सपा को जीत मिलती। ऐसे में जिपं अध्यक्ष पद पर सपा काबिज हो सकती थी। पंचायत चुनाव में सपा को जीत के बाद पार्टी में ही खेमाबंदी हो गई है। फेसबुक पर सरवेंद्र ने सपा जिलाध्यक्ष के खिलाफ जो पोस्ट की थी उसमें उसने सपा के एक पूर्व विधायक का नाम भी लिखा है। पार्टी सूत्रों की मानें तो एक पूर्व विधायक भी सपा जिलाध्यक्ष के खिलाफ माहौल बनाने में जुटे हुए हैं। इस बारे में सपा जिलाध्यक्ष से बात की गई तो उन्होंने कहा कि वह इस बारे में कुछ नहीं कहना चाहते। उन्होंने पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव समेत आला कमान को स्थिति से अवगत करा दिया है।
सपा जिलाध्यक्ष के खिलाफ फेसबुक पर आपत्तिजनक पोस्ट करने सपा कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट करने, धमकी देने के आरोप में सिविल लाइंस थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले में जांच कराई जा रही है। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। - संकल्प शर्मा, एसएसपी