बदायूं। राजस्व व पूर्ति विभाग की टीम ने अलापुर में सपा के जिला सचिव के गोदाम पर छापा मारकर एक ट्रक सरकारी दुकान का चावल बरामद किया था। टीम ने पड़ोस की कोटेदार रूमा के यहां भी छापा मारा था। वहां सरकारी राशन में गड़बड़ी मिली थी। ऐसे में विभागीय अधिकारियों ने आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए थे। गुरुवार को सपा जिला सचिव व गोदाम मालिक फहीमउद्दीन के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के बाद सपा नेता को जेल भेज दिया गया, वहीं अलापुर में स्थित कोटे की दुकानों को निलंबित कर दिया गया है। कोटेदार रूमा पर भी एफआईआर दर्ज कराई गई है।
पूर्ति विभाग को बुधवार शाम राशन की कालाबाजारी होने की सूचना मिली थी, जिस पर उसने राजस्व विभाग के साथ छापा मारा था। वहां सपा जिला सचिव फहीमउद्दीन के गोदाम पर टीम को एक ट्रक खड़ा मिला, जिसमें चावल की बोरियां लदी थीं, तो कुछ गोदाम में पड़ी हुई थीं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर ही सपा नेता फहीमउद्दीन को पकड़ लिया था। रात में राजस्व और पूर्ति विभाग की टीम मामले की जांच करती रही। गुरुवार को पूर्ति विभाग की तरफ से सपा नेता के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई, जिसके बाद में पुलिस ने फहीमउद्दीन को जेल भेज दिया। इसके अलावा जब विभाग ने कोटेदार रूमा के यहां जांच की, तो सरकारी राशन के स्टॉक और रजिस्टर में अंतर मिला। ऐसे में विभाग ने कोटेदार रूमा पर भी एफआईआर दर्ज करा दी है। पूर्ति विभाग द्वारा रूमा समेत कस्बे में चल रहीं तीनों दुकानों को निलंबित कर दिया गया है।
राशन कार्डों की जांच हुई शुरू
अलापुर में बड़ी मात्रा में राशन पकड़ने के बाद में डीएम कुमार प्रशांत के निर्देश पर एसडीएम दातागंज केबी सिंह के नेतृत्व में कार्ड धारकों की जांच शुरू कर दी है। एसडीएम केबी सिंह ने बताया कि अलापुर में कुल 205 अंत्योदय राशन कार्ड धारक हैं, जबकि पीएचएच के तीन हजार कार्ड धारक हैं। इसकी जांच टीम द्वारा कराई जा रही है, ताकि पता चल सके कि कोई अपात्र व्यक्ति तो योजना का लाभ नहीं ले रहा था।
आज लेखपाल बांटेंगे राशन
कोटे की दुकानों के निलंबित होने के बाद में अब यहां पर लेखपालों के माध्यम से राशन का वितरण कराया जाएगा। ताकि कस्बे की जनता को राशन मिलने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। इसके लिए एसडीएम केबी सिंह ने लेखपालों को अवगत करा दिया है।
कस्बे में कुल थीं कोटे की पांच दुकानें
अलापुर कस्बे में कुल पांच कोटे की दुकानें थी, जिसमें अशरफ अली ने करीब डेढ़ से दो साल पहले इस्तीफा दे दिया था। करीब छह माह पहले तहसीन अहमद की दुकान राशन वितरण में गड़बड़ी मिलने पर निलंबित कर दी गई थी। इन दोनों दुकानों को पड़ोस की दुकानों से अटैच कर दिया था। इसकी वजह से अलापुर में रागिब, रूमा और राजीव कुमार की दुकान बची थीं, जिनसे पूरे कस्बे के लोगों को राशन वितरण किया जाता था।
रूमा के यहां 19 क्विंटल चावल मिला ज्यादा
जब कोटेदार रूमा के यहां पर स्टॉक की जांच की गई, तो पता चला कि कोटेदार के यहां पर 19 क्विंटल 22 किलो चावल स्टॉक से ज्यादा है, जबकि उनके यहां पर 12 क्विंटल 32 किलो गेहूं कम पाया गया। वहीं अन्य कोटेदारों यहां पर जांच देर शाम तक जारी थी।
...तो क्या सत्ता के संरक्षण में धंधे चला रहे ‘साइकिल’ वाले
जनपद में तमाम गैरकानूनी कामों में अब सपा नेताओं के नाम सामने आने लगे है। ऐसा नहीं है कि ये नेता अभी गैरकानूनी काम करने लगे हैं, बल्कि सपा शासन काल में भी उनके धंधे धड़ल्ले से चल रहे थे। यहां सवाल यह उठता है कि जब प्रदेश में भाजपा की सत्ता है तो विपक्ष के लोग कैसे इन धंधों को अंजाम दे रहे हैं। बताया जाता है कि ‘साइकिल’ वालों के काले धंधे भी कई सत्ताधारी पार्टी के नेताओं के वरदहस्त से चल रहे हैं। इससे पहले भी 27 दिसंबर को सपा नेता स्वाले चौधरी के नवादा स्थित नर्सिंग होम पर आशा वर्कर को गिफ्ट बांटे जाने पर उनके करीबी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई थी। बताते हैं कि सपा के इन नेताओं की रिपोर्ट बनकर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष तक भी पहुंच रही है।
गोदाम मालिक फहीम उद्दीन और कोटेदार रूमा के खिलाफ एफआईआर दर्ज करा दी गई है। अलापुर में राशन कार्डधारकों की जांच कराई जा रही है। शुक्रवार को लेखपालों के माध्यम से राशन का वितरण किया जाएगा। - रामेंद्र सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी