बदायूं। पीड़ित पक्ष को रुपये लेकर बुलाने के मामले का ऑडियो वायरल होने के बाद एसएसपी संकल्प शर्मा ने आरोपी दरोगा को निलंबित कर दिया। यह ऑडियो दो दिन पहले वायरल हुआ था।
पिछले कई दिनों से उसहैत थाना क्षेत्र से एक महिला लापता है। उसके पति ने उसहैत थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। ग्रामीण को शक है कि उसकी पत्नी मेरठ में कहीं काम कर रही है। उसके परिचित ने महिला को मेरठ में देखा था। इस मामले की जांच दरोगा ओमपाल को दी गई थी। दो दिन पहले सोशल मीडिया पर एक ऑडियो वायरल हुआ था। इस ऑडियो में दरोगा कह रहे हैं कि मैं ओमपाल दरोगा जी बोल रहा हूं। तुम्हारी सलहैज को फोन किया था। वह फोन नहीं उठा रही है। दूसरी तरफ से बोलने वाला व्यक्ति कह रहा था कि वह मेरा भी फोन नहीं उठा रही। दरोगा बोला, तुम कुछ इंतजाम कर लो। कुछ पंपलेट छपवाने होंगे। उसमें कुछ खर्चा होगा। दूसरे व्यक्ति ने कहा कि सर, वह मेरठ में बताई जा रही है। दरोगा कह रहा है कि कल थाने आओ, तो कुछ तुम्हें सलाह देंगे। साथ ही तुम अपनी जेब में हजार पंद्रह सौ रुपये डालकर लाना। इस ऑडियो का पता लगने पर अफसरों में खलबली मच गई। एसएसपी संकल्प शर्मा ने इस मामले में जांच के निर्देश दिए थे। उधर, थाना प्रभारी चेतराम वर्मा ने ऑडियो से संबंधित दरोगा की रिपोर्ट बनाकर एसएसपी को भेजी थी। इस आधार पर बुधवार देर रात एसएसपी ने दरोगा ओमपाल को निलंबित कर दिया।
दरोगा का ऑडियो वायरल हुआ था, जिसके बाद उसहैत इंस्पेक्टर ने जांच कर इसकी रिपोर्ट भेजी थी। जिसके आधार पर एसएसपी ने दरोगा का निलंबित कर दिया है। - प्रवीन सिंह चौहान, एसपी सिटी