बदायूं। उघैती कांड में पुलिस की इतनी किरकिरी हो गई है कि अधिकारी भी फूंक-फूंककर कर कदम रख रहे हैं, लेकिन थाने वाले अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं। उसहैत थाने में तैनात एक दरोगा ने मोबाइल पर पीड़ित से कहा कि थाने आओ तो हजार-पंद्रह सौ रुपये लेकर आना, तभी कार्रवाई आगे बढ़ेगी। इसका ऑडियो वायरल होने पर पुलिस विभाग में हड़कंप मचा है। थाना प्रभारी ने इसकी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी है।
यह मामला उसहैत थाना क्षेत्र के एक गांव का है। कई दिन से वहां के एक व्यक्ति की पत्नी लापता है। उसे शक है कि उसकी पत्नी मेरठ में कहीं काम कर रही है। उसके परिचित ने उसे मेरठ में कहीं देखा था। लापता होने के बाद उसने थाने में जाकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसकी जांच थाने में तैनात एक दरोगा कर रहे हैं। एक दिन पहले दरोगा का ऑडियो वायरल हुआ तो थाना पुलिस में हड़कंप मच गया। ऑडियो के मुताबिक एसआई कह रहे हैं कि मैं ओमपाल दरोगा जी बोल रहा हूं। तुम्हारी सलहैज को फोन किया था। वह फोन नहीं उठा रही है। दूसरी तरफ से बोलने वाला व्यक्ति कह रहा है कि वह मेरा भी फोन नहीं उठा रही। दरोगा बोला तुम कुछ इंतजाम कर लो। कुछ पंपलेट छपवाने होंगे। उसमें कुछ खर्चा होगा। व्यक्ति ने कहा कि सर, वह मेरठ में बताई जा रही है। दरोगा कह रहा है कि कल थाने आओ, तो कुछ तुम्हें सलाह देंगे। साथ ही तुम अपनी जेब में हजार पंद्रह सौ रुपये डालकर लाना।
इस संबंध में इंस्पेक्टर चेतराम वर्मा ने बताया कि दरोगा की ऑडियो वायरल हुई है। पीड़ित से कोई खर्चा नहीं मांगा जाता। जो करती है पुलिस करती है। ऑडियो में दरोगा रुपये लाने की बात कहते सुने गए हैं। इस मामले की रिपोर्ट बनाकर उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है। जो भी कार्रवाई होगी, अब उच्चाधिकारी ही करेंगे।