बदायूं। बरेली-मथुरा हाईवे पर रविवार शाम राजकीय मेडिकल कॉलेज के नजदीक एक बाइक ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। इस हादसे में एक युवक की मौत हो गई। जबकि उसकी पत्नी और बेटा मामूली रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक के शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है।
कासगंज जिले में सोरों कोतवाली के ग्राम मनकापुर निवासी रमेश (35) पुत्र सूरजपाल रविवार शाम अपनी पत्नी संगीता और दो वर्षीय बेटे के साथ बाइक पर छोटे भाई की ससुराल धमेई गांव आ रहे थे। उस समय रमेश हेलमेट लगाए हुए था। बताते हैं कि उसकी बाइक राजकीय मेडिकल कॉलेज के नजदीक पहुंची थी कि उसी समय एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से पीछे से टकरा गई। इससे रमेश को गंभीर रूप से घायल हो गया, लेकिन उसकी पत्नी और बच्चे को मामूली चोटें आईं। हादसे को देखकर कई लोग मौके पर पहुंच गए। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। जिस सिविल लाइंस थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस उन्हें जिला अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टर ने रमेश को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद उसका शव मोर्चरी में रखवा दिया गया। उसकी पत्नी और बच्चे का प्राथमिक उपचार कराया गया है। पुलिस ने युवक के परिवार वालों को सूचना दे दी है। वह जिला अस्पताल पहुंच रहे हैं।