वजीरगंज पुलिस द्वारा पकड़ा गया ऑटोलिफ्टर। संवाद
- फोटो : BADAUN
बदायूं। वजीरगंज पुलिस ने इलाके में चेकिंग के दौरान एक ऑटोलिफ्टर को दबोच लिया। जबकि उसका साथी भागने में कामयाब रहा। उसके पास से चोरी की दो बाइक बरामद हुईं हैं। पुलिस ने पकड़े गए ऑटोलिफ्टर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जेल भेज दिया है।
गुरुवार रात वजीरगंज पुलिस मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर रहेड़िया गांव के पास वाहन चेकिंग कर रही थी। उसी समय पुलिस को बाइक पर आते दो लोग दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें हाथ देकर रोका तो एक युवक बाइक से उतरकर भाग गया। पुलिस ने एक युवक को दबोच लिया। तलाशी में उसके पास से एक तमंचा कारतूस बरामद हुआ। छानबीन में उसकी बाइक चोरी की निकली। उसे तुरंत थाने ले जाया गया, जहां पूछताछ में उसने अपना नाम सैदपुर निवासी दानिश कुरैशी पुत्र इरशाद कुरैशी बताया। उसने फरार साथी का नाम बाबू कुरैशी पुत्र हनीफ बताया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही से सैदपुर के पुराने खंडहर बरात घर से एक और बाइक चोरी की बरामद की है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पकड़े गए आरोपी को जेल भेज दिया गया है। उसे पकड़ने में सब इंस्पेक्टर संजय कुमार, सिपाही सचिन ढाका, मुकेश कुमार, आकाश कुमार, गौरव कुमार, अमित कुमार का सहयोग रहा।