बदायूं। अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या करने वाला आरोपी आसिफ रविवार दोपहर जेल भेज दिया गया। उसके पास से एक तमंचा और बाइक बरामद हुई है। ये बाइक उसके चचेरे भाई की बताई जा रही है।
शेखूपुर निवासी आसिफ उर्फ बाबा ने शुक्रवार रात मीरा सराय और जहानाबाद के नजदीक अपनी पत्नी नेहा की गोली मारकर हत्या कर दी थी। उसने नेहा से झूठ बोलकर शादी की थी। नेहा को अपना नाम राजकुमार बताया था। जब इसके बारे में नेहा को पता चला तो वह दंग रह गई। वह घर लौटने की तैयारी में थी। वहीं आसिफ उसे ठिकाने लगाने की योजना बना रहा था। शुक्रवार को आसिफ अपने चचेरे भाई की बाइक लेकर उझानी पहुंचा। वहां से उसने बबलू नाम के दोस्त से तमंचा लिया। देर शाम नेहा शेखूपुर से शहर आ रही थी। तभी उसकी गोली मारकर हत्या कर दी। पहले उसने पुलिस को घुमाने का प्रयास किया लेकिन पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो उसने सारा सच उगल दिया। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर उससे तमंचा और उसकी बाइक बरामद की। पुलिस ने बाइक को सीज कर दिया है। रविवार दोपहर आसिफ को जेल भेज दिया गया।
नईम उर्फ राजा की हत्या के आरोप में जेल में बंद हैं पिता और भाई
शेखूपुर रोड पर नेहा को गोली मारकर मौत के घाट उतारने वाले आसिफ का पिता शकील और उसका भाई नईम उर्फ राजा की हत्या के आरोप में जेल में बंद है। शहर के खंडसारी मोहल्ला निवासी हिस्ट्रीशीटर रहे नईम उर्फ राजा की छह सड़का के नजदीक गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उसमें 17 लोगों के नाम प्रकाश में आए थे। उनमें आसिफ का पिता और भाई भी शामिल था।