बिसौली पुलिस की गिरफ्त में ऑट लिफ्टर। संवाद
- फोटो : BADAUN
बदायूं/ बिसौली। बिसौली कोतवाली के लॉकअप से फरार ऑटोलिफ्टर मंगलवार दोपहर गिरफ्तार कर लिया गया। इससे पुलिस को काफी राहत मिली है। पुलिस ने अभी उसे कोर्ट नहीं भेजा है। बुधवार सुबह उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा।
ऑटोलिफ्टर रंजीत पुत्र शिशुपाल सोमवार सुबह करीब आठ बजे बिसौली कोतवाली के लॉकअप से फरार हो गया था। इससे पहले वह शनिवार शाम तब पकड़ा गया, जब वह अपने साथी दीपू निवासी ग्राम मई के साथ चोरी की बाइक बेचने ईदगाह पहुंचा। उसी समय पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। उसे कोतवाली ले गए। सोमवार सुबह वह लॉकअप खोलकर फरार हो गया। इस पर एसएसपी के आदेश पर रंजीत और एक सिपाही के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। साथ ही उसकी तलाश में पुलिस टीमें लगी हुईं थीं। मंगलवार दोपहर इंस्पेक्टर पंकज लवानियां, एसआई अजय कुमार और एसआई सत्यपाल सिंह मुखबिर की सूचना पर सुराग लगाते हुए हरदासपुर की रेलवे क्रासिंग पहुंचे। वहीं से पुलिस ने रंजीत को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को अभी कोर्ट नहीं भेजा गया है। उसे बुधवार सुबह अदालत में भेजा जाएगा। इस मामले में उसका साथी भी नहीं पकड़ा गया है। पुलिस उसे तलाश कर रही है।
-बिसौली कोतवाली के लॉकअप से फरार ऑटोलिफ्टर गिरफ्तार कर लिया गया है। उसकी तलाश में पुलिस टीमें लगाई गई थीं। उसे हरदासपुर रेलवे क्रासिंग के नजदीक से गिरफ्तार किया है। उसे जेल भेजने की तैयारी चल रही है।
सिद्घार्थ वर्मा, एसपी देहात