दहगवां (बदायूं) । गाजियाबाद के थाना विजयनगर से चोरी तीन ट्रैक्टर पुलिस ने जरीफनगर थाने के कस्बा दहगवां से बरामद किए हैं। हालांकि, कोई आरोपी पुलिस के हत्थे नहीं लगा है। गाजियाबाद पुलिस यहां से बरामद तीनों ट्रैक्टर अपने साथ ले गई है।
गाजियाबाद के थाना विजयनगर क्षेत्र से करीब दो महीने पहले ट्रैक्टर चोरी हुए थे। इस मामले में विजयनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज है। वहां की पुलिस ने कुछ आरोपियों को गिरफ्तार भी किया है। आरोपियों से पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर शनिवार को विजयनगर थाना पुलिस ने जरीफनगर थाना पुलिस के साथ दहगवां समेत कई स्थानों पर दबिश दी थी। इस दौरान पुलिस ने चोरी के तीन ट्रैक्टर बरामद कर लिए। इंस्पेक्टर जरीफनगर अजय कुमार यादव ने बताया कि बरामद ट्रैक्टर गाजियाबाद पुलिस की टीम अपने साथ ले गई है। कुछ संदिग्धों से शक के आधार पर पूछताछ भी की गई लेकिन किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।