बदायूं। एसपी देहात सिद्घार्थ वर्मा ने मंगलवार को चाचा-भतीजे से हुई लूटपाट का खुलासा कर दिया। इसमें कासगंज जिले के दो बदमाश पकड़े गए हैं। उनसे लूट के रुपये, मोबाइल और चोरी की बाइक बरामद हुई है। पुलिस ने दोनों को जेल भेज दिया है।
पुलिस लाइन सभागार में एसपी देहात सिद्घार्थ वर्मा ने बताया कि 29 अगस्त को बिल्सी थाना क्षेत्र के ग्राम अहमदगंज निवासी ब्रजेश कुमार पुत्र पृथ्वीपाल अपने भाई अजय कुमार और भतीजे अरविंद के साथ बाइक पर भईपुर तिवारी से अपने गांव लौट रहे थे। उसी समय रास्ते में नागपुर और नूरपुर के बीच शमशान घाट के पास लाल रंग की बाइक से आए तीन बदमाशों ने रोक लिया। रास्ता पूछने के बहाने नजदीक और तमंचा लगा दिया। उन्हें जान से मारने की धमकी दी और उनके पास से 42 हजार रुपये, मोबाइल लूट लिया था। इस संबंध में ब्रजेश कुमार की ओर से अज्ञात बदमाशों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। तभी से पुलिस बदमाशों को तलाश कर रही थी।
पुलिस की छानबीन के बाद सोमवार रात दो बदमाश पुलिस के हत्थे चढ़ गए। पुलिस रात रानेट चौराहे के नजदीक चेकिंग कर रही थी। तभी बाइक सवार दो बदमाश पकड़े गए। उनके पास से तमंचा बरामद हुआ है। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम रिजवान पुत्र सलीम निवासी कादरबाड़ी थाना सोरों जिला कासगंज और रिंकू पुत्र अमर सिंह निवासी टूडरा थाना सिढ़पुरा जिला कासगंज बताये हैं। दोनों बदमाशों ने 29 अगस्त को लूट की घटना अंजाम देना कबूला है। उनसे लूट का मोबाइल और 4510 रुपये बरामद हुए हैं। एक चोरी की बाइक बरामद हुई है जो दिल्ली से चोरी की गई थी। पुलिस ने दोनों बदमाशों को जेल भेज दिया है।