बदायूं। जिले में एक और कोरोना पॉजिटिव की मौत हो गई। इस्लामनगर के पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष वाहिद खान 31 अगस्त को कोरोना पॉजिटिव निकले थे। वह लगभग 65 वर्ष के थे। इसके दूसरे दिन उनके परिवार के लोगों के सैंपल लिए गए। इसमें उनके भाई समेत पांच लोग कोरोना संक्रमित निकले थे। स्वास्थ्य विभाग ने पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष और उनके भाई को राजकीय मेडिकल कॉलेज भेजा था जबकि उनके परिवार वालों को होम क्वारंटीन किया था। हालत बिगड़ने पर उनके भाई को मुरादाबाद और उन्हें दिल्ली रेफर किया गया। चार दिन पूर्व उनके भाई की मौत हो गई। वहीं, सोमवार रात पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष ने दिल्ली के मैक्स अस्पताल में दम तोड़ दिया। उनका शव इस्लामनगर में दफन किया गया है।
मंगलवार रात जिले में 41 कोरोना पॉजिटिव और निकले हैं। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक मंगलवार को जिले में टीमें भेजकर अलग-अलग स्थानों पर जांच कराई गई थी। एक टीम उझानी इलाके में कछला भेजी गई। कछला में नगर पंचायत कार्यालय पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कैंप लगाया। यहां सफाई नायक और उसकी पत्नी, पिता, भाई, बेटी, बहन और भांजा कोरोना पॉजिटिव निकला है। उनके घर के सामने सब्जी का ठेला लगाने वाला एक सब्जी विक्रेता समेत एक और व्यक्ति पॉजिटिव पाया गया है। इनके अलावा उझानी कस्बे के मोहल्ला नारायनगंज में पांच और नझियाई मोहल्ले में एक पॉजिटिव मिला है। एक बुलंदशहर का व्यक्ति कछला में पॉजिटिव निकला है।
इधर, सालारपुर ब्लॉक क्षेत्र के कस्बा कुंवरगांव में एक, रसूलपुर विद्युत उपकेंद्र पर दो और कर्मचारी पॉजिटिव मिले हैं। तो एक बिनावर, एक मलिकपुर और दो मोहम्मदी गांव समेत सात लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। वहीं, सहसवान के मोहल्ला सैफुल्लागंज, चौधरी मोहल्ला में तीन संक्रमित निकले हैं। म्याऊं ब्लॉक के ग्राम असधरमई में दो और बिचपुरी मेें एक संक्रमित पाया गया है। उधर, दातागंज के ग्राम तालिमगंज में एक और सैंजनी में एक, जगत ब्लॉक के आरिफपुर नवादा एक और गनेश गौटिया में एक पॉजिटिव मिला है। वहीं, शहर के मोहल्ला नेकपुर में दो महिलाएं, पटियाली सराय मोहल्ले में मां-बेटे और दो सगी बहनें पॉजिटिव पाई गई हैं। इसके अलावा ब्राहमपुर मोहल्ले में दो संक्रमित मिले हैं। सभी को आसरा आवास भेजा जा रहा है। मंगलवार शाम जिले से 1012 सैंपल जांच को भेजे गए हैं।