उझानी (बदायूं)। कोतवाली क्षेत्र के गांव सकरीजंगल में घर के दरवाजे पर खड़े वृद्ध ग्रामीण पर छुट्टा सांड़ ने हमला कर दिया। इस दौरान सांड ने ग्रामीण को सींगों में फंसाकर पटक दिया। इससे ग्रामीण की मौके पर मौत हो गई। स्थानीय लोगों के दौड़ाने पर सांड जंगल की ओर भाग गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है।
घटना शनिवार सुबह में करीब आठ बजे की है। सकरीजंगल निवासी अली हसन (60) सुबह अपने घर था। घर के बाहर उसकी भैंस बंधी थी। सामने से सांड आता देख अली हसन को लगा कि वह भैंस पर हमला कर देगा। इसी लिए वह लाठी लेकर दरवाजे पर खड़ा हो गया। उसी दौरान सांड ने अली हसन पर हमला कर दिया। उसे दो-तीन बार सींगों से उठाकर जमीन पर पटका। इस दौरान शोर सुनकर ग्रामीण घरों से बाहर आए और सांड को शोर मचाकर हटाने की कोशिश की। लेकिन सांड पीछे नहीं हटा। बाद में सांड वहां से जंगल की ओर भाग निकला। सांड के जाने के बाद लोग अली हसन के पास पहुंचे लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
पता चलते ही परिजन रोते बिलखते मौके पर पहुुंचे। ग्रामीणों ने छुट्टा सांड की जंगल में खोजबीन की लेकिन वह नजर नहीं आया। बाद में पुलिस और राजस्व कर्मियों की टीम ने गांव पहुंचकर मृतक के घरवालों समेत ग्रामीणों से घटना के बारे में जानकारी ली। ग्रामीणों ने बताया कि इसी सांड ने छह महीने पूर्व भी अली हसन पर हमला किया। तब गांव वालों ने उसे दौड़ा लिया था और हसन बच गए थे। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद इसे परिजनों को सौंप दिया। एसडीएम सदर पारसनाथ मौर्य ने मृतक के घरवालों को शासकीय सहायता मुहैया कराने का भरोसा दिलाया है।
-------------
अली हसन की मौत से घर में ईद की खुशियां हुईं काफूर
उझानी। सकरीजंगल निवासी अली हसन जिस समय अपने दूसरे घर की ओर निकला तो परिवार के लोग ईद मनाने की तैयारियाें में जुटे थे। उन्हें घर में ही नमाज अदा करनी थी। इस लिए उसे साफ-सुधरा भी कर दिया गया। उसी दौरान पड़ोस के शख्स ने अली हसन पर सांड़ के हमले की जानकारी दी तो परिवार में कोहराम मच गया। बेटे वली हसन और मेंहदी हसन ने बताया कि उनके अब्बा यही कहकर निकले थे कि पशुओं को चारा डालकर लौट आएंगे। तब तक सभी तैयारियां पूरी कर लेना।
-----------------------------------------
कई अन्य घटनाओं में भी किसानोें की जा चुकी है जान
उझानी में ग्रामीण की मौत का मामला जिले में पहला नहीं है। इससे पहले सितंबर-19 में थाना जरीफनगर इलाके के गांव नाधा निवासी महावीर सिंह को किसान ने पटककर मार डाला था। बिल्सी के बैरमई बुजुर्ग में भी सांड़ के हमले में किसान की मौत हो गई थी। अक्तूबर-19 में दातागंज इलाके में लकड़ी बीनने गई एक महिला को सांड़ ने पटककर मार डाला था।