उझानी (बदायूं)। बरेली-मथुरा हाईवे पर बाइक सवार युवक समेत किशोर को पीछे से अज्ञात वाहन ने रौंद दिया। इस हादसे के बाद चालक वाहन को भगा ले गया। सड़क पर पड़े लहूलुहान युवक समेत दोनों को राहगीरों ने एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया लेकिन इलाज के दौरान किशोर की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है।
हादसा बुधवार दोपहर में करुआ पुल के पास हुआ। कासगंज जिले में सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव अहरौली भोला (22) पुत्र जयप्रकाश अपने साथ गांव के चिंटू (12) पुत्र भरत सिंह को बाइक पर बैठाकर निजी कार्य से बदायूं के लिए निकला। हाईवे पर करुआ पुल के पास उसकी बाइक को पीछे से अज्ञात वाहन ने रौंद दिया। टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर ही घिसटते गए। दोनों हेलमेट भी लगाए थे, जो हादसे में चकनाचूर हो गए। चालक वाहन के लिए बदायूं की ओर भगा ले गया। उन्हें सड़क पर लहूलुहान हालत में पड़ा देख राहगीरों में से किसी ने फोन करके एंबुलेंस बुला ली। एंबुलेंस से दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इलाज के दौरान चिंटू की जिला अस्पताल में मौत हो गई। हादसे की सूचना के बाद उनके परिजन भी जिला अस्पताल बदायूं पहुंच गए। मृतक चिंटू के पड़ोसी सुनील कुमार ने बताया कि घायल भोला की हालत नाजुक बनी हुई है। उसकी बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई है। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार चाहर ने बताया कि हादसा किस वाहन से हुआ, यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। चिंटू के शव को कब्जे में ले लिया गया है। मृतक के परिजन की ओर से रिपोर्ट दर्ज कराने के कोतवाली में शाम तक तहरीर भी नहीं दी गई है।