उझानी (बदायूं)। कोतवाली पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ धरपकड़ अभियान के तहत सोमवार को पांच लोगों को दबोच लिया। अलग-अलग स्थानों से पकड़े गए लोगों में एक गैंगस्टर भी शामिल हैं। गैंगस्टर के पास तमंचा तो किसी के पास नशीला पाउडर और छुरी बरामद हुई है।
पुलिस के हत्थे चढ़ा गैंगस्टर नन्हे उर्फ बादशाह पुत्र सरनाम सिंह कोतवाली क्षेत्र के गांव अल्लापुर चमारी का निवासी है। वह सोमवार सुबह में गांव के पास पुलिस के हत्थे चढ़ा। उसके पास तमंचा और दो कारतूस मिले। नन्हें डकैती और लूट की घटनाओं में शामिल रहा है। उसके खिलाफ गैंगस्टर की भी कार्रवाई हुई थी लेकिन पिछले दिनों जमानत पर छूट कर घर आ गया। चोरी की करीब आधा दर्जन घटनाओं में लिप्त भदवारगंज मोहल्ला निवासी गोविंदा भी पुलिस की पकड़ में आ गया। उसके पास से नशीला पाउडर बरामद हुआ है। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार चाहर ने बताया कि गिरफ्तार आपराधिक प्रवृति के लोगों में पठानटोला मोहल्ला निवासी बुंदा, नझियाई मोहल्ला निवासी आशु कुरैशी को नशीला पाउडर बेचने में पकड़ा गया। दोनों पर सात केस दर्ज हैं। कोतवाली क्षेत्र के गांव छतुइया निवासी सर्वेश कुमार पुत्र विश्राम सिंह को रेलवे क्रासिंग के पास से गिरफ्तार किया गया। सर्वेश निजी वाहनों से जुड़ी लोन कंपनी में रिकवरी इंसपेक्टर का काम करता है। उसके पास छुरी मिली है।