सहसवान (बदायूं)। रविवार सुबह राशन वितरण में लगी ड्यूटी को जा रहे एक शिक्षक को रास्ते में रोकर दरोगा ने पीट दिया। शिक्षक को हाथ में गंभीर चोट आई हैं। शिक्षक ने दरोगा के खिलाफ कार्रवाई को एसडीएम को तहरीर सौंपी है।
नगर के मोहल्ला शहबाजपुर निवासी छोटे खां पुत्र मेंहदी खां के मुताबिक वह ग्राम सेमरा बनवीरपुर के प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक हैं। उनकी इस समय खंदक गांव में राशन विक्रेता के पर्यवेक्षण के रूप में ड्यूटी लगी हुई है। रविवार सुबह करीब नौ बजे वह ड्यूटी के लिए जा रहे थे। आरोप है कि तभी शहबाजपुर पर तैनात दारोगा ने रोक लिया और अभद्रता की। शिक्षक ने राशन वितरण में ड्यूटी होने का हवाला देते हुए ड्यूटी कार्ड भी दिखाया। इसके बावजूद दरोगा ने डंडे से पीट दिया। इससे शिक्षक के हाथ में गंभीर चोट लगी है। शिक्षक ने दरोगा के खिलाफ एसडीएम को शिकायती पत्र सौंपा है।