बदायूं। मंगलवार दोपहर आरपीएफ इंस्पेक्टर ने अपनी टीम के साथ ओवरब्रिज के नजदीक चल रहे कंप्यूटर सेंटर पर छापा मारकर एक युवक को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से तीन आरक्षित टिकट और कंप्यूटर बरामद हुआ है। इस संबंध में नजदीक स्थित पेट्रोल पंप के मालिक और मैनेजर से भी पूछताछ की गई है।
आरपीएफ इंस्पेक्टर सुभाष चंद्र यादव ने बताया कि ओवरब्रिज के नीचे पेट्रोल पंप के नजदीक यात्री अड्डा डॉट कॉम कंप्यूटर नाम से कंप्यूटर सेंटर चल रहा था। कई दिन से सूचना मिल रही थी कि इस सेंटर पर फर्जी तरह से ई-टिकट बेचे जा रहे हैं। मंगलवार दोपहर सटीक सूचना मिलने पर इंस्पेक्टर ने अपनी टीम के साथ सेंटर पर छापा मारा। यहां से राजकुमार पुत्र जगदीश निवासी मोहल्ला सम्राट अशोक नगर कोतवाली को तीन आरक्षित टिकट के साथ गिरफ्तार किया गया। ये टिकट 4146.78 रुपये के थे। मौके से 1070 नकद रुपये और कंप्यूटर बरामद हुआ है। आरपीएफ ने राजकुमार के खिलाफ 143 रेलवे एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली है। आरोपी को बुधवार सुबह रेलवे कोर्ट बरेली में पेश किया जाएगा। इसकी जांच एएसआई मनोज कुमार सिंह को सौंपी गई है। इधर, प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरपीएफ ने पेट्रोल पंप के मालिक और मैनेजर से भी पूछताछ की। बाद में उन्हें छोड़ दिया गया।