बदायूं। जिला महिला अस्पताल से एक बच्चा चोर ने नवजात को चुराकर ले जाने की कोशिश की, लेकिन समय रहते महिला के शोर मचाने पर लोगों ने उसे पकड़ लिया। मौके पर काफी भीड़ लोग हो गए। पुलिस भी पहुंच गई। आरोपी शराब के नशे में धुत था। उससे पूछताछ की जा रही है। अभी रिपोर्ट दर्ज कराने को तहरीर नहीं दी गई है। गौर करने वाली बात यह है कि जिस वक्त नवजात को चुराने की कोशिश हुई, उस वक्त तीसरी मंजिल से अस्पताल स्टाफ नदारद था।
शहर कोतवाली के मोहल्ला मीराजी चौकी निवासी अर्जुन कश्यप की पत्नी आंचल ने रविवार को लड़के को जन्म दिया था। महिला अस्पताल के नए भवन में आंचल तीसरी मंजिल पर बेड नंबर 24 पर भर्ती है। सोमवार शाम आंचल की आंख लग गई। इसी दौरान एक युवक वहां पहुंच गया। उसने आंचल के नवजात बेटे को उठाकर थैले में डाल दिया। आहट होने पर आंचल जाग गई तो युवक थैला छोड़कर भाग गया। शोर शराबा होने पर बाहर उसे लोगों ने दबोच लिया। बच्चा चोरी की कोशिश करने वाले ने अपना नाम सलमान खान पुत्र आरिफ अली खान निवासी मोहल्ला धोबी कस्बा ककराला बताया है। सलमान शराब के नशे में धुत था। उसे पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। अभी रिपोर्ट दर्ज कराने को कोई तहरीर नहीं दी गई है। इस घटना से अस्पताल में नवजात शिशुओं की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं।