दबतोरी। संग्रामपुर डाकघर में खाताधारकों के खातों से लाखों रुपये हड़पने के मामले में डाकपाल राज कुमार उर्फ राजू के खिलाफ बिसौली कोतवाली में एफआईआर दर्ज कराई गई है। विभागीय जांच में अब तक छह लाख का घोटाला ट्रेस हो चुका है। अभी 2000 खाताधारकों की पासबुकों की जांच चल रही है। घोटाला काफी बड़ा होने की आशंका जताई जा रही है।
संग्रामपुर डाकघर के राजकुमार उर्फ राजू नाम के डाकपाल ने खाताधारकों के खातों से लाखों रुपये साफ कर दिए थे। विभाग ने इस मामले में तीन सदस्यों की जांच कमेटी बनाई।
प्रथम दृष्टया दोषी पाए जाने पर डाकपाल को सस्पेंड कर दिया गया था। कई खाताधारकों ने विभागीय जांच टीम पर भी आरोप लगाए थे। उनके आरोप है कि जांच के नाम पर उनकी पासबुकें लेकर गायब कर दी गईं। मामले में जांच कर रहे बिसौली डाक अधीक्षक सतीश कुमार मीना का कहना है कि अब तक करीब छह लाख रुपये घोटाले के साक्ष्य सामने आ चुके हैं। दो हजार पासबुकों की जांच चल रही है। कुछ खाताधारक पासबुकें गायब करने और हेराफेरी का आरोप भी लगा रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद ही ज्यादा कुछ कहा जा सकता है। फिलहाल मामले में डाकपाल राजकुमार उर्फ राजू के खिलाफ एफआईआर दर्ज करा दी गई है। इंस्पेक्टर पंकज लवानिया ने बताया कि पुलिस ने विवेचना शुरू कर दी है।