ओरछी (बदायूं)। एक दिन पहले ओरछी चौराहे से पकड़ा गया खून खरीदने वाला दलाल पुलिस ने छोड़ दिया है। उसके खिलाफ पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं है। आरोपी क्षेत्र के एक नर्सिंग होम के लिए कार्य कर रहा था।
क्षेत्र के ग्राम परमानंदपुर निवासी संतोष पुत्र रामऔतार ने पुलिस को तहरीर सौंपी थी। उसका आरोप था कि गुरुवार को एक व्यक्ति की उसके पास कॉल आई। उसने ओरछी चौराहे पर बुलाया था। इस पर संतोष अपने दोस्त के साथ चौराहे पर पहुंच गया। उस व्यक्ति ने उसे एक हजार रुपये दिए और एक नर्सिंग होम का नाम लेते हुए वहां चलने को कहा। उसने कहा था कि वह एक बोतल खून निकालेंगे, जिसके रुपये भी देंगे। इस पर दोनों युवकों ने आरोपी को पकड़ लिया और हंगामा कर दिया। बाद में उन्होंने मौके पर पहुंची पुलिस को आरोपी सौंप दिया। पुलिस उसे थाने ले गई। वहीं संतोष ने तहरीर देकर उसके खिलाफ कार्रवाई कराने की मांग की लेकिन पुलिस ने पूछताछ के बाद आरोपी को छोड़ दिया। उसके खिलाफ कार्रवाई करने की जरूरत नहीं समझी। बताते हैं कि युवक क्षेत्र के एक नर्सिंग होम के लिए काम कर रहा था। वह लोगों को फंसाकर नर्सिंग होम ले जाता था। फिर उन्हें रुपये का लालच देकर खून निकलवा देता था।
युवक की रिश्तेदार अस्पताल में भर्ती थी। उन्हीं के लिए खून की जरूरत थी। युवक ने इसके लिए दोनों युवकों को बुलाया था। बाद में उन युवकों ने उस पर खून खरीदने वाला दलाल का आरोप लगाकर हंगामा कर दिया।
-चेतराम वर्मा, इंस्पेक्टर फैजगंज बेहटा