बदायूं। जरीफनगर थाना क्षेत्र के ग्राम बस्तोई सीकरी में विवाहिता की मौत फंदे पर लटकने से हुई थी। इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हुई है। पुलिस ने मायके वालों की तहरीर पर उसके पति समेत पांच लोगों के खिलाफ दहेज एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली है। आरोपियों को तलाश की जा रही है।
सहसवान कोतवाली क्षेत्र के ग्राम रसूलपुर टप्पा मलसई निवासी निर्वेश कुमार ने रविवार को पुलिस को तहरीर दी। आरोप था कि उन्होंने अपनी बेटी संध्या (27) की शादी करीब साढ़े तीन साल पहले बस्तोई सीकरी निवासी राजेश पुत्र गेंदनलाल के साथ की थी। संध्या की एक बेटी और एक बेटा है। शादी के बाद से ससुराल वाले संध्या को परेशान कर रहे थे। उससे बाइक और 50 हजार रुपये मांग रहे थे। इससे शनिवार को संध्या ने फंदे पर लटककर जान दे दी। रविवार दोपहर पुलिस ने विवाहिता के शव का पोस्टमार्टम करा दिया। उसकी रिपोर्ट में मौत का कारण फंदे पर लटकने से बताया गया है। परिवार वालों ने रविवार देर शाम शव को ले जाकर अंतिम संस्कार कर दिया। इधर, देर रात पुलिस ने निर्वेश कुमार की तहरीर पर दहेज उत्पीड़न के आरोप में पति राजेश, ससुर गेंदनलाल, सास राखी, जेठ कुंवरपाल और जेठानी रीता आदि के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।