उझानी। कोतवाली क्षेत्र के गांव इटौआ निवासी युवक से गुरुवार को 12 सौ रुपये की ऑनलाइन ठगी कर ली गई। उसके सेलफोन पर किसी ने पहले आधार कार्ड नंबर पूछा फिर उसके खाते से निकासी का मैसेज पहुंचा तो उसे ठगी का अहसास हुआ।
इटौआ निवासी संजय शाक्य का भारतीय स्टेट बैंक की स्थानीय शाखा में बचत खाता है। पूर्वाह्न में उसके सेलफोन पर अज्ञात कॉलर ने उसके आधार कार्ड का नंबर पूछा। कॉल करने वाले ने कहा था कि अकाउंट में आधार कार्ड का नंबर अपडेट करना है। इसके बाद संजय ने आधार कार्ड नंबर बता दिया। दोपहर में उसके सेलफोन पर बारह रुपये निकासी का मैसेज आया तो वह बैंक पहुंचा। ऑनलाइन ठगी की शिकायत उसने कोतवाली पुलिस से भी की। बता दें कि इलाके में ऑनलाइन ठगी के पहले भी चार-पांच मामले सामने आ चुके हैं लेकिन ठगी करने वाले अभी तक पकड़ में नहीं आ सके हैं। संवाद