बदायूं/जरीफनगर। थाना क्षेत्र के ग्राम भोयस में मोबाइल को लेकर हुए विवाद के मामले में पुलिस ने ग्राम प्रधान समेत छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। वहीं आरोपी पक्ष ने भी सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
ग्राम भोयस निवासी अनुसूचित जाति के रामरतन का आरोप है कि उनके भतीजे वीरेश ने गांव के ही राजीव से सात हजार रुपये में मोबाइल खरीदा था। उसने साढ़े तीन हजार रुपये उसी समय दे दिए थे लेकिन बाकी रुपये 15 दिन के अंदर देने का वायदा कर दिया था। आरोप है कि इससे पहले ही राजीव रुपये मांगने आ गया। रुपयों को लेकर दोनों में नोकझोंक हुई फिर उनके बीच मारपीट हो गई। इसकी सूचना पर ग्राम प्रधान धर्मेंद्र मिश्रा उर्फ पुजारी पहुंच गए। उनके फोन करने पर दर्जनों लोग आ गए। फिर उन्होंने मिलकर वीरेश के साथ मारपीट कर दी। वीरेश ने राजीव, ग्राम प्रधान धर्मेंद्र मिश्रा, उनके बेटे अंकित मिश्रा, कैलास, प्रवीण, दिनेश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। वहीं राजीव का आरोप है कि वह मोबाइल के रुपये लेने गया था लेकिन दूसरे पक्ष ने उसको पकड़कर पीट दिया। किसी तरह उसके परिवार के लोग उसे बचाकर ले गए। उसे ले जाते हुए का किसी ने वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। राजीव ने सूरजपाल, वेदराम, मोक्षानंदन, वीरेश, रामफल, नीरज और रामऔतार के खिलाफ रिपोर्ट लिखाई है।
दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई थी। दोनों पक्षों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। गांव में युवक को पकड़कर घुमाने की अफवाह है। मामले की जांच की जा रही है। उसके आधार पर ही कार्रवाई होगी।
-राकेश चौहान, एसओ जरीफनगर