बदायूं। शनिवार देर शाम बिरूआबाड़ी मंदिर के नजदीक तीन बाइक सवार युवकों ने दो छात्राओं के साथ छेड़छाड़ कर दी। इस दौरान उधर से गुजर रहे लोगों ने दो उचक्के पकड़ लिए। जबकि एक भागने में सफल रहा। दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया है।
शहर के एक मोहल्ला निवासी दो छात्राएं शनिवार रात करीब साढ़े सात बजे ट्यूशन पढ़कर अपने घर लौट रहीं थीं। दोनों छात्राएं बिरूआबाड़ी मंदिर के पास पहुंची थीं कि उसी समय एक बाइक पर सवार तीन युवक उनके साथ छेड़छाड़ करने लगे। छात्राओं ने विरोध भी किया लेकिन तीनों उचक्के नहीं माने। इसी दौरान उधर से गुजर रहे लोगों की निगाह उचक्कों पर पड़ी। उन्होंने दो उचक्कों को पकड़ लिया लेकिन एक युवक मौके से भाग गया। लोगों ने दोनों युवकों की जमकर धुनाई लगा दी। बाद में पुलिस को सूचना दे दी। जिससे पुलिस मौके पर पहुंच गई और दोनों युवकों को हिरासत में लेकर कोतवाली ले गई। फिलहाल उनके खिलाफ किसी ने तहरीर नहीं दी है। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। इंस्पेक्टर ओमकार सिंह ने बताया कि दो युवक पकड़े गए हैं। अभी उनके खिलाफ कोई तहरीर नहीं आई है। तहरीर आने पर कार्रवाई की जाएगी।