बदायूं। झोलाछाप राजाराम की हत्या के मामले में फरार चल रहे 20 हजार रुपये के इनामी एक आरोपी को बिनावर पुलिस ने बुधवार गिरफ्तार कर लिया। इस हत्याकांड में नामजद चार आरोपियों में से अब एक मात्र आरोपी पुलिस गिरफ्त से बाहर है। जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।
बिनावर थाना क्षेत्र के ग्राम सिंगरौरा के जंगल में 27 मई की रात झोलाछाप राजाराम की गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। दूसरे दिन उसका खेत में शव पड़ा मिला था। राजाराम बरेली जिले में आंवला कोतवाली क्षेत्र के ग्राम गनेशपुर का रहने वाला था। वह सिंगरौरा में अपनी ननिहाल में रहकर डॉक्टरी की दुकान चलाता था। 10 अक्तूबर को पुलिस ने झोलाछाप राजाराम हत्याकांड का खुलासा किया था। उस दिन ग्राम सिंगरौरा निवासी सगे भाई वीर सिंह और महावीर सिंह पकड़े गए थे। उन्होंने कबूला था कि अवैध संबंध के चलते राजाराम की हत्या की गई है। पूछताछ में उन्होंने अपने सगे भाई ओमपाल और वीरपाल पुत्र टोड़ीराम के नाम भी कबूले थे। घटना के बाद से दोनों फरार चल रहे थे। इस पर पुलिस ने दोनों पर 20-20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। बुधवार सुबह एसओ हरिभान सिंह राठौड़ को सूचना मिली कि 20 हजार का इनामी ओमपाल विजय नगला के पास कहीं जाने की फिराक में है। तभी उन्होंने अपनी टीम के साथ घेराबंदी करके उसे पकड़ लिया। दोपहर के समय उसे कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया।